राम गोपाल वर्मा ने 'सरकार 4' को शुरू करने से पहले किया बंद, किया ये ऐलान
क्या है खबर?
फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा ने कुछ दिन पहले एक कार्यक्रम में कहा था कि वह 'सरकार 4' बनाएंगे। इस फ्रैंचाइजी की 3 किस्तें आ चुकी हैं और सभी ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। यही कारण है कि जब चौथी किस्त की चर्चा शुरू हुई, तो फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। लोग जानने को उत्सुक थे कि क्या अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन की वापसी होगी। हालांकि, अब वर्मा ने अपनी योजना को रद्द कर दिया है।
बयान
'सरकार 4' की योजना को रद्द करने की बात कही
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, वर्मा ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि 'धुरंधर' के बाद 'सरकार' या कोई और गैंगस्टर फिल्म चलेगी। पहले मेरी सारी गैंगस्टर फिल्में 'द गॉडफादर' से प्रेरित थीं, चाहे वो 'सत्या', 'कंपनी' या 'सरकार' हो। मैं इतना घमंडी और अहंकारी था कि मुझे लगता था कि मुझे बस सेट पर जाना है और फिल्म बन जाएगी।" उन्होंने 'धुरंधर 2' की तारीफ करते हुए अपनी सोच बदलने की बात कही, और खुद को आदित्य धर का प्रशंसक बताया।
सिंडिकेट
फिल्म निर्माता ने सिंडिकेट बनाने का फैसला किया
निर्माता ने कहा, "मैं अब 'सरकार 4' नहीं बना रहा। मैं 'सिंडिकेट' बना रहा हूं। नहीं, मैं 'धुरंधर' जैसी कोई फिल्म बनाने की कोशिश नहीं कर रहा। ऐसा कोई नहीं कर सकता, आदित्य भी नहीं। लेकिन मैं 'सिंडिकेट' में उसी लगन और ईमानदारी के साथ उतर रहा हूं। मुझे नहीं पता कि इसका नतीजा क्या होगा, लेकिन 'सत्या' के बाद यह मेरा सबसे ईमानदार काम होगा।" वर्मा ने बताया कि वह अपनी एनर्जी को नई परियोजना में लगाना चाहते हैं।