राम गोपाल वर्मा ने FWICE को लताड़ा, बोले- प्रतिबंध रणवीर पर नहीं, फिल्म संस्था पर लगाओ
क्या है खबर?
निर्माता-निर्देशक फरहान अख्तर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'डॉन 3' को लेकर छिड़ा विवाद अब और गहरा गया है। अभिनेता रणवीर सिंह के खिलाफ फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) द्वारा असहयोग का नोटिस जारी किए जाने के बाद अब बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा इस विवाद में कूद पड़े हैं। उन्होंने खुलकर रणवीर का समर्थन किया है और FWICE को आड़े हाथों ले लिया है। निर्देशक ने सोशल मीडिया पर फिल्म संस्था के प्रति कड़ी नाराजगी जाहिर की।
राय
मजदूरों की सुरक्षा नहीं, यह पुरानी व्यवस्था का खोखला प्रदर्शन है
निर्देशक ने अपने पोस्ट की शुरुआत कर लिखा, 'FWICE" पर प्रतिबंध लगाओ, रणवीर पर नहीं।" उन्होंने लिखा, 'गांधीजी के अंदाज में लगाया गया ये बैन आखिरकार खुद FWICE के लिए बहुत बड़ा मजाक बनकर रह जाएगा। ये फिल्म इंडस्ट्री या मजदूरों की सुरक्षा नहीं, जैसा वो दावा कर रहे हैं। ये सिर्फ एक बेहद पुरानी और अप्रासंगिक संघीय व्यवस्था द्वारा अपनी ताकत का खोखला प्रदर्शन है, जो किसी भी तरह अपनी पकड़ बनाए रखने की हताश कोशिश कर रही है।'
दो टूक
FWICE को राम गोपाल ने बताया 'कंगारू कोर्ट
निर्देशक लिखते हैं, 'चाहे वे 5 लाख या 50 लाख श्रमिकों के लिए बोलने का दावा करें, लेकिन सच्चाई ये है कि उनमें से ज्यादातर को दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद के तथ्यों की जानकारी नहीं है। FWICE न तो कानूनी अदालत है और न ही सरकार द्वारा अधिकृत नियामक संस्था। ज्यादा से ज्यादा ये एक 'कंगारू कोर्ट' है, जो न्याय देने का दिखावा करती है, लेकिन स्थापित कानूनी नियमों, उचित प्रक्रिया और निष्पक्षता की अनदेखी करती है।'
कदम
रणवीर की सफलता से डरे लोगों ने लिया फैसला?
राम गोपाल वर्मा का मानना है कि FWICE का फैसला पहले से तय था, जिसे कुछ एजेंडा चलाने वाले लोगों और रणवीर की सफलता से डरे कलाकारों ने बंद कमरे में लिया। उनके मुताबिक, इस विवाद में कूदना FWICE का पुराना रवैया सामने आता है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की रोजी-रोटी किसी एक एक्टर पर निर्भर नहीं। ये सिर्फ एक प्रोड्यूसर और एक्टर के बीच का कॉन्ट्रैक्ट विवाद है। ऐसे मामले कोर्ट संभालता है, FWICE का इसमें कोई काम नहीं।
दावा
रणवीर के सिर्फ 'हां' कहते ही निर्माताओं की लंबी लाइन लग जाएगी- राम गोपाल
राम गोपाल ने लिखा, 'निर्माता के साथ गलत हुआ भी तो ये निर्माताओं को तय करना है कि वे रणवीर संग काम करना चाहते हैं या नहीं। रणवीर के सिर्फ 'हां' कहते ही निर्माताओं की लंबी लाइन लग जाएगी, चाहे FWICE कितनी भी चेतावनी दे।' अंत में उन्होंने कहा कि थिएटर में टिकटें रणवीर जैसे सितारों की वजह से बिकती हैं, FWICE की वजह से नहीं। ऐसे स्टार्स ही इंडस्ट्री चलाते हैं और लाखों लोगों को रोजगार देते हैं।
ट्विटर पोस्ट
Twitter Post
BAN “FWICE” and not @RanveerOfficial
— Ram Gopal Varma (@RGVzoomin) May 29, 2026
The so called “BAN” or non co operation in the style of Gandhiji , will eventually become a BIG FAT JOKE on FWICE
This isn’t industry or worker protection, like they are claiming. It is just a pure performative muscle flexing , by an…
विवाद
रणवीर के 'डॉन 3'अचानक छोड़ने पर हुआ विवाद
साल 2023 में रणवीर को 'डॉन 3' के लिए साइन किया गया था। दिसंबर, 2025 में 'धुरंधर' की सफलता के बाद उन्होंने अचानक 'डॉन 3' छोड़ दी। इसके बाद पिछले महीने फिल्म के निर्माता-निर्देशक फरहान अख्तर ने FWICE से शिकायत की। उनका दावा था कि रणवीर के फिल्म छोड़ने से उन्हें 45 करोड़ का नुकसान हुआ। इसी को लेकर विवाद शुरू हुआ। बीते सोमवार को फरहान की शिकायत पर FWICE ने रणवीर के खिलाफ असहयोग का निर्देश जारी कर दिया।