'पेड्डी' 200 करोड़ रुपये कमाने से इंच भर दूर, 'है जवानी तो...' पहले हफ्ते में पस्त
क्या है खबर?
राम चरण की फिल्म 'पेड्डी' अपनी रिलीज का एक सप्ताह पूरा कर चुकी है। जल्द ही यह घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये के क्लब में दाखिल हो जाएगी। फिल्म में जाह्नवी कपूर भी अहम किरदार में हैं, जो 'देवरा' (2024) के बाद उनकी दूसरी साउथ की फिल्म है। दूसरी ओर, बॉलीवुड फिल्म 'है जवानी ताे इश्क होना है' रिलीज के एक हफ्ते बाद भी अपना बजट (लगभग 70 से 80 करोड़) नहीं निकाल पा रही है।
रिकॉर्ड
'पेड्डी' की कमाई में गिरावट, फिर भी कर दिखाया ये कारनामा
सैकनिल्क के मुताबिक, इस स्पोर्ट्स एक्शन-ड्रामा ने रिलीज के 8वें दिन 6.30 करोड़ रुपये कमाए हैं। फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर कुल कलेक्शन 193.55 करोड़ रुपये हो गया है, जो 200 करोड़ के क्लब से कुछ दूर है। वहीं वर्ल्डवाइड इसने 8 दिनों में 279.35 करोड़ रुपये का शानदार ग्रॉस कारोबार कर लिया है। फिल्म के रोजाना कलेक्शन में बेशक गिरावट आई है, लेकिन फिर भी यह अभिनेता के करियर की सबसे ज्यादा कमाने वाली एकल फिल्म बन गई है।
टक्कर
वरुण धवन की फिल्म का संघर्ष जारी
वरुण धवन की फिल्म 'है जवानी ताे इश्क होना है' ने 7वें दिन 2.60 करोड़ रुपये कमाए हैं, जो अब तक के सबसे कम आंकड़े हैं। एक हफ्ते में फिल्म 36.85 करोड़ रुपये बटोर पाई है। वहीं वैश्विक स्तर पर ग्रॉस कलेक्शन 55.60 करोड़ रुपये हुआ है। इसकी मुश्किलें बढ़ाने अब दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' आ गई है। कंगना रनौत की 'भारत भाग्य विधाता' और मनोज बाजपेयी की 'गर्वनर' भी 12 जून को रिलीज हो गई हैं।