राम चरण की बॉलीवुड में बड़ी पारी, संजय लीला भंसाली के साथ 'जंगल एडवेंचर' की तैयारी
क्या है खबर?
भारतीय सिनेमा के 2 सबसे बड़े नाम दिग्गज फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली और 'ग्लोबल स्टार' राम चरण एक बड़े प्रोजेक्ट के लिए हाथ मिलाने जा रहे हैं। खबरों की मानें तो ये जोड़ी एक भव्य ऐतिहासिक जंगल एडवेंचर ड्रामा के लिए साथ आ रही है। हाल ही में राम चरण को मुंबई में भंसाली के ऑफिस के बाहर देखा गया, जिसके बाद से ही फैंस के बीच इस 'ब्लॉकबस्टर सहयोग' को लेकर उत्साह चरम पर है।
सहयोग
भंसाली और राम चरण का अधूरा सपना अब होगा पूरा
साल 2024 में भंसाली और राम चरण ने लेखक अमीश त्रिपाठी की किताब 'लेजेंड ऑफ सुहेलदेव' पर आधारित एक पीरियड ड्रामा के लिए हाथ मिलाया था, लेकिन वो प्रोजेक्ट किन्हीं कारणों से शुरू नहीं हो सका। अब लग रहा है कि दूसरी बार ये जोड़ी पर्दे पर धमाल मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है। मिड डे की रिपोर्ट के अनुसार, राम चरण अब भंसाली के अगले प्रोडक्शन की कमान संभालेंगे।
दम
भंसाली के साथ 'जंगल एडवेंचर' में दिखेगा राम चरण का दम
फिल्म एक ऐतिहासिक एडवेंचर ड्रामा होगी, जिसकी कहानी जंगल की पृष्ठभूमि पर आधारित है। ये प्रोजेक्ट असल में 'राउड़ी राठौर 2' के तौर पर शुरू होने वाला था। इसकी मूल स्क्रिप्ट केवी. विजयेंद्र प्रसाद ने लिखी थी, लेकिन बात बन नहीं पाई। पुरानी स्क्रिप्ट को आधार बनाकर दुर्गेश सिंह ('गुल्लक 2' और 'शक्ति शालिनी' फेम) ने पूरी कहानी दोबारा लिखी है। अब यही बदली हुई कहानी एक ऐतिहासिक जंगल एडवेंचर के रूप में राम चरण के साथ पर्दे पर आएगी।
रिलीज
हिंदी में बनेगी और इन भाषाओं में डब होगी फिल्म
ये फिल्म एक पैन-इंडिया स्तर पर तैयार की जा रही है, जिसे मुख्य रूप से हिंदी में बनाया जाएगा और बाद में तेलुगू, मलयालम, तमिल और कन्नड़ भाषाओं में डब किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, भंसाली और राम चरण पहले महाराजा सुहेलदेव की कहानी को लेकर चर्चा कर रहे थे। हालांकि, वो प्रोजेक्ट सफल नहीं हो पाया, लेकिन ये नया प्रोजेक्ट भी उतना ही भव्य और महत्वाकांक्षी है।
अन्य फिल्म
जाह्नवी कपूर संग 'पेड्डी' लेकर आ रहे राम चरण
साउथ सिनेमा के सुपरस्टार राम चरण की आने वाली फिल्म 'पेड्डी' को लेकर काफी चर्चा हो रही है. यह एक एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन बुच्ची बाबू सना कर रहे हैं। बीते मार्च राम चरण के जन्मदिन के मौके पर इसका दमदार टीजर रिलीज किया गया था। 'पेड्डी' में राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर भी लीड रोल में हैं। इसके अलावा शिवा राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु और बोमन ईरानी जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।