फिल्म 'पेड्डी' की शूटिंग के दौरान घायल हुए राम चरण, टीम ने बताया कैसी है तबीयत
क्या है खबर?
राम चरण इस वक्त आगामी फिल्म 'पेड्डी' में व्यस्त चल रहे हैं जिसमें उनके साथ जाह्नवी कपूर भी हैं। फिल्म का निर्देशन बुची बाबू सना कर रहे हैं और यह 30 अप्रैल, 2026 को सिनेमाघरों का दरवाजा खटखटाएगी। हालिया अपडेट में बताया गया कि अभिनेता शूटिंग सीक्वेंस के दौरान घायल हो गए। उनके आंख में चोट लगने की अटकलों ने फैंस को परेशान कर दिया, लेकिन अब राम चरण की टीम ने हादसे के बारे में जानकारी दी है।
हादसा
एक्शन सीक्वेंस करते वक्त घायल हुए राम चरण
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में, राम चरण की टीम के एक सूत्र ने बताया कि अभिनेता को आंख के पास चोट लगी थी। उन्हें टांके लगवाने पड़े। उन्होंने कहा, "अभिनेता 24 मार्च को एक एक्शन एपिसोड की शूटिंग कर रहे थे और उन्हें चोट लग गई। उन्हें 4 टांके लगवाने पड़े हैं।" सूत्र ने स्पष्ट करते हुए आगे कहा, "उनकी आंख के ऊपर चोट लगी है, आंख में नहीं, जैसा कि कुछ लोग मान रहे हैं। उनकी आंख ठीक है।"
फिल्म
राम चरण ने नहीं लिया शूटिंग से ब्रेक
सूत्र ने बताया कि अभिनेता काम पर लौट आए हैं। उन्होंने कोई ब्रेक नहीं लिया है और चिंता की कोई बात नहीं है। फिल्म 'पेड्डी' एक स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म है जिसका निर्माण वृद्धि सिनेमाज के बैनर तले वेंकटा सतीश किलारू ने किया है। एआर रहमान ने इसका संगीत तैयार किया है। राम और जाह्नवी के अलावा, फिल्म में शिव राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु अहम किरदार में हैं। फिल्म का टीजर 27 मार्च को, अभिनेता के जन्मदिन पर आ सकता है।