राम चरण और उपासना कोनिडेला ने अपने जुड़वा बच्चों को दिए ये नाम, मतलब भी बताया
क्या है खबर?
साउथ सुपरस्टार राम चरण और उपासना कोनिडेला ने 31 जनवरी को जुड़वां बच्चों का स्वागत किया था। इस जोड़े की पहले से एक बेटी क्लिन कारा है। अब दोनों एक और बेटी व बेटे के माता-पिता बन चुके हैं जिनके नामों का खुलासा हो गया है। हाल ही में, अभिनेता ने अपने हैदराबाद स्थित घर पर निजी नामकरण कार्यक्रम आयाेजित किया था जिसमें उन्होंने अपने जुड़वां बच्चों को नाम दिया। साथ ही उन नामों का मतलब भी बताया है।
नाम
राम चरण और उपसाना ने बच्चों का रखा ये नाम
वैरायटी इंडिया से बातचीत में, राम और उपसाना ने बताया कि उन्होंने बेटे को शिवराम और बेटी को अनवीरा देवी नाम दिया है। उन्होंने कहा, "इनका नामकरण हम दोनों के लिए बेहद निजी और आध्यात्मिक फैसला था। उपासना और मैंने इस पर विस्तार से चर्चा की, लेकिन हमारे माता-पिता इस यात्रा में अहम भूमिका निभाते रहे। हमारे बेटे का नाम शिवराम 2 शाश्वत आदर्शों को दर्शाता है- भगवान शिव और भगवान राम- संयम के साथ शक्ति, धर्म के साथ भक्ति।"
खुलासा
राम ने बताया कि क्यों बेटी के नाम के आगे लगाया 'देवी'
राम ने बेटी के नाम पर कहा, "अनवीरा देवी असीम साहस और दिव्य नारी शक्ति का प्रतीक है। 'वीरा' वीरता का प्रतीक है, और 'अन' इसे असीमता तक विस्तारित करता है। 'देवी' शब्द जानबूझकर जोड़ा गया है- यह इस बात की याद दिलाता है कि शक्ति और कृपा एक साथ मौजूद हो सकते हैं।" बता दें, राम और उपासना ने जून, 2012 में एक निजी समारोह में शादी की थी। जून 2023 में, दोनों बेटी क्लिन के माता-पिता बने थे।