राजपाल यादव ने खोला अपनी फिल्मों की सफलता का राज, बोले- जिसमें पिटा, वही हिट हुई
क्या है खबर?
राजपाल यादव का किसी फिल्म में मौजूद होना ही दर्शकों के लिए सबसे बड़ी ट्रीट होती है। अपने करियर में उन्होंने तमाम फिल्मों के जरिए अपनी कॉमेडी से लोगों के दिलों में एक खास जगह बनाई है। एक शो में अभिनेता ने हिट फिल्में देने के लिए अपने अनोखे 'लकी चार्म' का खुलासा किया। राजपाल ने बताया कि वह जिस भी फिल्म में मार खाते हैं, वो हिट हो जाती है। अपना यह राज उन्होंने रोहित शर्मा के सामने खोला।
खुलासा
पिटाई खाने को अपना 'लकी चार्म' मानते हैं राजपाल
हाल ही में राजपाल 'फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा' शो में पहुंचे थे।
इस दौरान क्रिकेटर ने गौर किया कि अभिनेता को 'भागम भाग', 'खट्टा मीठा' और 'भूल भुलैया' जैसी कई सफल फिल्मों में हिंसक कॉमेडी का सामना करना पड़ा है।
आखिरकार रोहित ने उनसे पूछ लिया कि क्या फिल्मों में पिटना उनका 'लकी चार्म' बन चुका है?
इस पर राजपाल ने हंसते हुए मजेदार अंदाज में कहा, "हां, जिसमें हम पिटते थे, वो फिल्म हिट हो जाती है।"
करियर
कॉमेडी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं राजपाल
राजपाल ने दूरदर्शन के मशहूर शो 'मुंगेरी के भाई नौरंगीलाल' (1999) में मुख्य भूमिका निभाकर पहचान बनाई थी।
बॉलीवुड में उन्होंने साल 1999 में कदम रखा और फिर 'दिल क्या करे' और 'शूल' जैसी फिल्मों में छोटे-मोटे किरदार निभाए। 2000 में आई फिल्म 'जंगल' उनके करियर का टर्निंग पॉइंट बनी।
बाद में राजपाल ने 'हंगामा', 'मुझसे शादी करोगी', 'फिर हेरा फेरी', 'चुप चुप के', 'भूल भुलैया' और 'ढोल' जैसी फिल्मों में कॉमिक किरदार निभाकर अपनी खास पहचान बना ली।