रजनीकांत की 'थलाइवर 169' अब हुई 'जेलर', निर्माता ने जारी किया पोस्टर

सुपरस्टार रजनीकांत की अगली फिल्म 'थलाइवर 169' का प्रशंसकों को इसकी घोषणा के बाद से ही बेसब्री से इंतजार है। रजनी की हर फिल्म की तरह इस फिल्म के लिए भी लोगों की दीवानगी देखने को मिल रही है। शुक्रवार को निर्माताओं की तरफ से फिल्म को लेकर एक खास खबर सामने आई। नेलसन दिलीपकुमार द्वारा निर्देशित इस फिल्म का नाम 'थलाइवर 169' से बदलकर 'जेलर' कर दिया गया है। फिल्म का एक नया पोस्टर भी जारी किया गया है।
पोस्टर ने बढ़ा दिया रोमांच
नए पोस्टर से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह एक क्राइम थ्रिलर फिल्म है। इस ग्रे पोस्टर में खून से सना एक छुरा दिखाया गया है। इसका डार्क बैकग्राउंड भी दर्शकों में रोमांच पैदा कर रहा है। निर्माता सन पिक्चर्च के ट्विटर हैंडल से शेयर किए गए इस पोस्टर के साथ फिल्म के नए नाम की घोषणा की गई। फिल्म की घोषणा इस साल फरवरी में हुई थी। इसकी रिलीज डेट की फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
फिल्म का पोस्टर
#Thalaivar169 is #Jailer@rajinikanth @Nelsondilpkumar @anirudhofficial pic.twitter.com/tEtqJrvE1c
— Sun Pictures (@sunpictures) June 17, 2022
रजनीकांत संग फिर दिख सकती हैं ऐश्वर्या राय
फिल्म का निर्देशन 'डॉक्टर ऐंड बीस्ट' फेम नेलसन दिलीपकुमार कर रहे हैं। फिल्म के कास्ट की अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म में रजनीकांत के ऑपोजिट ऐश्वर्या राय बच्चन को साइन किया गया है। ऐसा हुआ तो यह दूसरा मौका होगा जब ऐश्वर्या और रजनीकांत साथ में पर्दे पर दिखेंगे। इससे पहले 2010 में दोनों 'रोबोट' में साथ नजर आए थे। कन्नड स्टार शिवन्ना को भी इस फिल्म में लिया गया है।
न्यूजबाइट्स प्लस
2010 की रजनीकांत-ऐश्वर्या स्टारर ऐक्शन फिल्म 'रोबोट' को 130 करोड़ रुपये में बनाया गया था। फिल्म का आधिकारिक नाम 'एंथिरन' है। इसकी सीक्वल फिल्म '2.0' 2018 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में अक्षय कुमार थे। 'रोबोट 3.0' का भी ऐलान हो चुका है।
दर्शकों को 'चंद्रमुखी 2' का भी है इंतजार
'जेलर' के अलावा रजनी फैन्स को उनकी फिल्म 'चंद्रमुखी 2' का इंतजार है। इस फिल्म में रजनीकांत के साथ राघव लॉरेंस और अभिनेत्री अनुष्का शेट्टी नजर आएंगी। पी वसु द्वारा निर्देशित हॉरर फिल्म 'चंद्रमुखी' 2005 में रिलीज हुई थी। यह फिल्म थिएटर्स में ढाई साल यानी कि करीब 800 दिनों तक चली। 2020 में पी वसु ने इसके सीक्वल का ऐलान किया था। सुपरस्टार रजनीकांत स्टारर यह फिल्म जनवरी 2023 में रिलीज होगी।