राजकुमार राव की फिल्म 'प्रहार' ने पीछे हटाए कदम? बॉक्स ऑफिस पर टला बड़ा टकराव
क्या है खबर?
मैडॉक फिल्म्स ने पिछले महीने राजकुमार राव अभिनीत फिल्म 'प्रहार- द उज्वल निकम स्टोरी' का टीजर जारी किया। साथ में बताया कि ये 7 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने आ रही है। अब लगता है कि निर्माता अपने कदम फूक-फूककर रखना चाहते हैं, तभी तो उन्होंने रिलीज तारीख आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। इससे पहले, श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईथा' के साथ भी यही किया गया था, जो पहले 28 अगस्त को रिलीज होनी थी।
कारण
रिलीज में 2 हफ्ते बचे, लेकिन प्रचार का अता-पता नहीं
बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में सूत्र ने कहा, "'प्रहार' 7 अगस्त को रिलीज होनी थी। हालांकि, निर्माताओं ने इसे टालने का फैसला किया है। हितधारकों से बातचीत के बाद उन्हें लगा कि उस दौरान फिल्म रिलीज करना सही नहीं होगा।"
उन्होंने कहा, "निर्माता दिनेश विजान अपनी फिल्मों के प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ते। रिलीज में सिर्फ 2 हफ्ते बचे हैं, और प्रचार का कोई संकेत नहीं दिख रहा, जिससे स्पष्ट है कि फिल्म 7 अगस्त को रिलीज नहीं होगी।"
टकराव
इन फिल्मों के साथ भिड़ने का डर खत्म
'प्रहार' की तय रिलीज तारीख से एक हफ्ते पहले, 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' 30 जुलाई को आ रही है। 14 अगस्त को सनी देओल की 'बटवारा 1947' और इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' रिलीज होगी।
सूत्र ने कहा, "तीनों फिल्में काफी उम्मीद जगाने वाली हैं। वहीं, 'प्रहार' एक खास फिल्म है जिसे रिलीज के लिए अच्छा मौका चाहिए, क्योंकि इसमें बड़ी संख्या में दर्शकों को आकर्षित करने की क्षमता है।"
अब देखना होगा कि 'प्रहार' कब सिनेमाघरों में आती है।