'दादा' की रिलीज से पहले देख डालिए राजकुमार राव की ये दमदार बायोपिक फिल्में
क्या है खबर?
बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव अपनी दमदार अदाकारी और हर किरदार में जान डालने की कला के लिए जाने जाते हैं। अपने करियर में उन्होंने कॉमेडी, थ्रिलर, ड्रामा के साथ-साथ कई बायोपिक फिल्मों में काम किया है। वहीं अब उनकी झोली में 2 और बायोपिक फिल्में आ गई हैं, जिनमें वह असल जिंदगी के किरदार निभाते नजर आएंगे। ऐसे में आइए जानते हैं उन सभी वास्तविक किरदारों के बारे में, जिन्हें राजकुमार निभा चुके हैं या जल्द निभाने वाले हैं।
#1 & #2
'दादा' और 'प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी'
फिल्म 'दादा' में राजकुमार भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली का किरदार निभाते हुए नजर आएंगे। विक्रमादित्य मोटवाने के निर्देशन में बन रही यह फिल्म साल 2027 में रिलीज होगी। इसमें फैंस को राजकुमार के बदले हुए लुक की झलक देखने को मिलेगी।
'दादा' के सिनेमाघरों में आने से पहले, राजकुमार फिल्म 'प्रहार' फिल्म में दिखाई देंगे। इसमें वो मशहूर पब्लिक प्रॉसिक्यूटर उज्ज्वल निकम का किरदार निभाएंगे। यह फिल्म अगस्त, 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
#3 & #4
'श्रीकांत' और 'ओमेर्ता'
साल 2024 में रिलीज हुई फिल्म 'श्रीकांत' में राजकुमार ने उद्यमी श्रीकांत बोला का किरदार निभाया था। इसमें वे सामाजिक बाधाओं को पार करके एक सफल बिजनेस खड़ा करते हैं और दिव्यांग लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करते हैं।
2018 में आई हंसल मेहता की फिल्म 'ओमेर्ता' में राजकुमार ने ब्रिटिश मूल के आतंकवादी अहमद उमर सईद शेख का किरदार निभाया था। इस फिल्म में दोषी ठहराए गए आतंकवादी की जिंदगी को दिखाया गया था।
#5 & #6
'बोस- डेड/अलाइव' और 'शाहिद'
2017 में आई वेब सीरीज 'बोस: डेड/अलाइव' में राजकुमार ने आजादी की लड़ाई लड़ने वाले नेताजी सुभाष चंद्र बोस का किरदार निभाया था। इस सीरीज में भारत की आजादी की लड़ाई में नेताजी के योगदान को दिखाया गया। इसके साथ ही उनके अचानक गायब होने से जुड़े रहस्य को भी खंगाला गया।
2013 में आई 'शाहिद' में राजकुमार ने वकील और मानवाधिकार कार्यकर्ता शाहिद आजमी का किरदार निभाया था। इसके लिए राजकुमार को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार भी मिला था।