'राजा शिवाजी' के टीजर में छाए रितेश देशमुख, संजय दत्त का दिखा खूंखार अवतार
क्या है खबर?
रितेश देशमुख की महात्वकांक्षी फिल्म 'राजा शिवाजी' काफी समय से चर्चा में है। आखिरकार निर्माताओं ने फिल्म का टीजर जारी किया, जिसने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। रितेश, छत्रपति शिवाजी महाराज के किरदार में दमदार और प्रभावशाली लगे हैं। टीजर में अभिषेक बच्चन, जेनेलिया डिसूजा, विद्या बालन, फरदीन खान और बोमन ईरानी जैसे सितारे अलग-अलग किरदारों के साथ अपनी छाप छोड़ते हैं। वहीं संजय दत्त ने मुगल शासन के खूंखार अफजल खान का किरदार निभाया है।
टीजर
जानिए कैसा है 'राजा शिवाजी' का टीजर
मराठा और मुगलों के संघर्ष पर आधारित 'राजा शिवाजी' का टीजर काफी हद तक विक्की कौशल की फिल्म 'छावा' की याद दिला देता है। शुरुआत संजय की आवाज से होती है, 'नाम के आगे राजा लगाने से कोई राजा नहीं बनता है। मराठाओं के मुकद्दर में या तो मौत लिखी है, या फिर गुलामी।' इसके बाद मुगलों के खिलाफ दिल दहलाने वाला युद्ध शुरू होता है। संभाजी शाहजी भोसले के किरदार में अभिषेक और विद्या का किरदार छाप छोड़ता है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए 'राजा शिवाजी' का टीजर
आम्ही पाहिलेल्या स्वप्नाची पहिली झलक तुमच्यासमोर ठेवताना मला अभिमान वाटतो आहे. आपला राजा, आपला अभिमान.
— Riteish Deshmukh (@Riteishd) March 31, 2026
आई जगदंबेचं स्मरण करून मोहिमेचा पहिला भंडारा उधळत आहे.
हर हर महादेव.https://t.co/wH2UMUk7Z7
प्रतिक्रिया
'राजा शिवाजी' के टीजर पर लोगों की प्रतिक्रिया
'राजा शिवाजी' का टीजर देखकर कई लोगों को फिल्म 'छावा' याद आ गई है। एक यूजर ने लिखा, 'छावा के रूप में विक्की कौशल को कोई नहीं हरा सकता।' दूसरे ने लिखा, 'रितेश देशमुख मराठी पृष्ठभूमि से आते हैं, इसलिए मुझे पूरा यकीन है कि वह इस भूमिका को बखूबी निभाएंगे।' इस ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म का निर्देशन खुद रितेश ने किया है जो 1 मई0 2026 को हिंदी, मराठी और तेलुगु भाषा के साथ सिनेमाघरों में दस्तक देगी।