राहुल बनर्जी की मौत पर बवाल, AICWA ने की हत्या का केस दर्ज करने की मांग
क्या है खबर?
बंगाली सिनेमा के मशहूर अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी के असामयिक निधन ने पूरी इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना के बाद ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने कड़ा रुख अपनाते हुए फिल्म 'भोले बाबा पार करेगा' के निर्माताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एसोसिएशन ने इसे महज एक हादसा नहीं, बल्कि लापरवाही बताते हुए निर्माताओं के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है।
बयान
उड़ी नियमों की धज्जियां, AICWA ने निर्माताओं से मांगा भारी हर्जाना
राहुल की मौत पर AICWA ने कड़ा बयान जारी किया है। एसोसिएशन ने फिल्म 'भोले बाबा पार करेगा' के निर्माताओं के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग उठाई है और अभिनेता के परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये के मुआवजे की भी मांग की है। साथ ही ये आरोप लगाया कि तलसारी समुद्र तट पर शूटिंग के दौरान निर्माताओं द्वारा भारी लापरवाही बरती गई और बुनियादी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने में वे पूरी तरह से विफल रहे।
लापरवाही
समुद्र किनारे शूटिंग और सुरक्षा नदारद?
AICWA ने अपने बयान में इसे सामान्य हादसा नहीं, बल्कि आपराधिक लापरवाही करार दिया है। एसोसिएशन के अनुसार, समुद्र जैसे जोखिम भरे स्थानों पर शूटिंग के लिए कड़े सुरक्षा इंतजामों की जरूरत होती है, जिनमें प्रशिक्षित गोताखोर, बचाव दल और आपातकालीन तैयारी शामिल है। AICWA के अनुसार, इन महत्वपूर्ण सुरक्षा उपायों की अनुपस्थिति या विफलता सीधे तौर पर निर्माताओं, प्रोडक्शन हाउस और शो से जुड़े चैनल की गंभीर चूक की ओर इशारा करती है।
अपील
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से की अपील
एसोसिएशन ने जिम्मेदारों पर हत्या की FIR और मामले की न्यायिक जांच की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने और इसकी वसूली प्रोडक्शन हाउस से करने का आग्रह किया है। AICWA ने इस मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से तुरंत हस्तक्षेप कर कार्रवाई की अपील करते हुए दोषी निर्माताओं और चैनल को ब्लैकलिस्ट व प्रतिबंधित करने का प्रस्ताव दिया है।
नाराजगी
सिर्फ शोक काफी नहीं, अब न्याय चाहिए- AICWA
AICWA ने राहुल के निधन को बंगाली इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति बताया है। एसोसिएशन ने कहा कि केवल शोक जताना काफी नहीं है, बल्कि जवाबदेही और न्याय सुनिश्चित करना जरूरी है, जिसके लिए वे प्रतिबद्ध हैं। पुलिस के अनुसार, तलसारी बीच पर शाम को शूटिंग के दौरान राहुल अचानक गहरे गड्ढे में गिर गए। अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। प्रोडक्शन टीम ने बिना अनुमति और स्थानीय पुलिस को सूचना दिए वहां शूटिंग की थी।