मशहूर बंगाली अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की दर्दनाक मौत, शूटिंग के दौरान समुद्र में गिरे
क्या है खबर?
बंगाली सिनेमा के जाने-माने अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी का 29 मार्च को शूटिंग के दौरान एक दर्दनाक हादसे में निधन हो गया। 43 वर्षीय राहुल ओडिशा के तालसारी बीच पर अपने नए शो की शूटिंग कर रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वो समुद्र की लहरों में गिर गए। क्रू मेंबर्स ने उन्हें फौरन बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया है।
दुखद
शो 'भोले बाबा पार करेगा' की शूटिंग के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
ओडिशा में एक नौका हादसे के दौरान लोकप्रिय बंगाली अभिनेता राहुल बनर्जी का निधन हो गया है। ये दुखद घटना तालसारी बीच पर उस समय हुई, जब वो अपने टीवी शो 'भोले बाबा पार करेगा' की शूटिंग कर रहे थे। खबरों के मुताबिक, शूटिंग के दौरान वह समुद्र में गिर गए, जिसके कारण ये भयानक हादसा हुआ। हादसे के तुरंत बाद उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दुर्भाग्य से डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसा
टीम लंच पर गई और पीछे हादसे का शिकार हो गए अभिनेता
उनके सह-कलाकार भास्कर बनर्जी ने पुष्टि की है कि शूटिंग के बाद टीम के बाकी सदस्य लंच के लिए चले गए थे, लेकिन राहुल कुछ अतिरिक्त दृश्यों को फिल्माने के लिए वहीं रुक गए थे। बालासोर SPऔर दीघा पुलिस द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अभिनेता का पार्थिव शरीर दीघा मेडिकल में रखा गया है। पुलिस घटना के विस्तृत कारणों और पहचान से जुड़ी अन्य जानकारियों को जुटाने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ तालमेल बिठा रही है।
पहचान
'चिरोदिनी तुमी जे अमार' से मिली थी घर-घर पहचान
राहुल को मुख्य रूप से साल 2008 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'चिरोदिनी तुमी जे अमार' में उनके यादगार अभिनय के लिए जाना जाता था, जिसने उन्हें बंगाली दर्शकों के बीच एक खास पहचान दिलाई। सालों के करियर में उन्होंने फिल्मों, टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बेहतरीन काम किया। फिल्मों के अलावा, वो 'सहज कथा' जैसे लोकप्रिय शोज का भी हिस्सा रहे, जहां उनके अभिनय ने दर्शकों के दिलों को गहराई से छुआ।
निजी जीवन
पत्नी प्रियंका सरकार और बेटे 'सहज' को अकेला छोड़ गए राहुल
राहुल ने अपनी पहली ब्लॉकबस्टर फिल्म 'चिरोदिनी तुमी जे अमार' की को-स्टार और मशहूर बंगाली अभिनेत्री प्रियंका सरकार से शादी की थी। उनका एक बेटा है, जिसका नाम सहज है। साल 2017 में यह जोड़ी अलग हो गई थी, लेकिन अपने बेटे की परवरिश के लिए 2023 में दोनों ने अपने मतभेद भुलाकर फिर से एक होने का फैसला किया था। बदकिस्मती से जब उनकी जिंदगी की गाड़ी दोबारा पटरी पर लौट रही थी, तभी ये दर्दनाक हादसा हो गया।