राधिका आप्टे बॉलीवुड के दोगलेपन पर बोलीं- कामुक भी बनाओ और देवी का दर्जा भी दो
क्या है खबर?
अभिनेत्री राधिका आप्टे ने खुलासा किया कि पुरानी हिंदी रोमांटिक फिल्मों को लेकर अब उनका नजरिया बिल्कुल बदल चुका है। खुद को शाहरुख खान की बड़ी फैन बताने वाली राधिका ने कबूला कि जिन फिल्मों को वो कभी बेहद पसंद करती थीं, उन्हें दोबारा देखना उनके लिए काफी हैरान करने वाला रहा। उन्होंने बताया कि अब उन्हें अहसास होता है कि कैसे उन फिल्मों में पीछा करने और महिलाओं के अनुचित चित्रण को गलत तरीके से बढ़ावा दिया गया था।
खुलासा
शाहरुख की पुरानी फिल्में देखकर असहज हुईं राधिका
न्यूज 18 से राधिका ने कहा, "किशोरावस्था में मुझे सपने आते थे कि कोई मेरे हाथ बांध रहा है या मेरा पल्लू खींच रहा है। मैं आज भी शाहरुख खान की बहुत बड़ी प्रशंसक हैं, लेकिन जब मैंने उनकी कुछ पुरानी फिल्मों को दोबारा देखा, तो वो ये सब देखकर काफी हैरान और असहज रह गईं।"
राधिका के मुताबिक, उन फिल्मों में महिला के मना करने के बावजूद उसका पीछा करने को 'रोमांस' की तरह पेश किया जाता था।
निशाना
राधिका ने बॉलीवुड के 'दोहरे रवैये' की उड़ाईं धज्जियां
राधिका ने बॉलीवुड की पुरानी सोच पर सवाल उठाते हुए कहा, "फिल्मों में महिला के 'ना' कहने को कभी गंभीरता से नहीं लिया गया। जबरन पीछा करने को ही रोमांस के रूप में दिखाया जाता था, जो आज बेहद चौंकाने वाला लगता है। सिनेमा में महिलाओं का दोहरा मापदंड रहा है। एक तरफ उन्हें अत्यधिक कामुक रूप में पेश किया जाता था तो दूसरी तरफ उनसे नैतिकता और अच्छाई की रूढ़िवादी सीमाओं में बंधे रहने की उम्मीद की जाती थी।
दो टूक
"महिलाओं को पहले कामुक बनाया, फिर देवी बना दिया"
राधिका बोलीं, "उस दौर में भी महिलाओं को हमेशा पुरुषों की नजर से ही देखा जाता था और उनका कामुक चित्रण किया जाता था। दूसरी ओर उसी मंच पर इसी पहलू का मजाक उड़ाया जाता था और इसे नीचा दिखाया जाता था। असली समस्या यही है। एक तरफ तो महिलाओं को अत्यधिक कामुक रूप में पेश करना और फिर कहना कि 'उन्हें कामुक मत बनाओ'। अंत में उन्हें देवी बनाकर किसी पूजनीय जगह पर बिठा देना ही विरोधाभास है।"
वर्कफ्रंट
'लस्ट स्टोरीज 3' में नजर आ रहीं राधिका
बता दें ककि राधिका अपनी लीक से हटकर कहानियों और दमदार अभिनय के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने 'पार्च्ड', 'मांझी', 'अंधाधुंध' और 'मोनिका ओ माय डार्लिंग' जैसी फिल्मों में चुनौतीपूर्ण किरदार निभाकर अपनी खास पहचान बनाई है।
OTT पर 'सेक्रेड गेम्स', 'घोल' और 'फॉरेंसिक' जैसी सीरीज से भी उन्होंने खूब वाहवाही लूटी।
इन दिनों राधिका 'लस्ट स्टोरीज 3' में नजर आ रही हैं, जिसका निर्देशन विक्रमादित्य मोटवाने, किरण राव, शकुन बत्रा और विशाल भारद्वाज जैसे दिग्गजों ने मिलकर किया है।