आर माधवन ने कंपनी को थमाया कानूनी नोटिस, कहा- शर्मनाक, सोचा कैसे कि बच निकलेंगे?
क्या है खबर?
अभिनेता आर माधवन ने वैलनेस ब्रांड 'एलिवेट नाउ' पर उनकी सहमति के बिना वीडियो और तस्वीरों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। अभिनेता का कहना है कि कंपनी उनके नाम पर फर्जी तरीके से वजन घटाने के प्रोग्राम का प्रचार कर रही थी, जिसके खिलाफ उन्होंने कानूनी नोटिस भेजा है। माधवन के मुताबिक, कंपनी ने वजन घटाने वाले अपने विज्ञापनों में बिना अनुमति के उनकी तस्वीर और वीडियो का इस्तेमाल कर प्रशंसकों को गुमराह करने की कोशिश की है।
आरोप
बिना इजाजत वीडियो-फोटो इस्तेमाल करने का लगाया आरोप
माधवन ने हेल्थ ब्रांड 'एलिवेट नाउ' को आड़े हाथों लिया है। अभिनेता ने कंपनी पर आरोप लगाया है कि वो वजन घटाने वाले (वेट लॉस) प्रोग्राम का प्रचार करने के लिए उनकी सहमति के बिना उनके वीडियो और तस्वीरों का इस्तेमाल कर रही है। माधवन ने उस वीडियो का एक स्क्रीनशॉट भी साझा किया और कहा कि इस रील को इस तरह पेश किया गया है, जैसे वो खुद इस ब्रांड और इसकी सेवाओं का प्रचार कर रहे हों।
गलत इस्तेमाल
फिटनेस से जुड़े पुराने वीडियो का ब्रांड ने किया गलत इस्तेमाल
माधवन ने बताया कि कंपनी को कानूनी नोटिस भेज दिया गया है और साथ ही उन्होंने लोगों को ऐसी संस्थाओं से सावधान रहने की चेतावनी भी दी। दरअसल, ये पोस्ट अभिनेता के एक पुराने वीडियो क्लिप से जुड़ा था, जिसमें वो अपनी फिटनेस की आदतों के बारे में बात कर रहे थे। आरोप है कि ब्रांड ने इसी क्लिप का इस्तेमाल बायोमार्कर टेस्टिंग और पर्सनलाइज्ड प्रोग्राम्स जैसी अपनी वजन घटाने की सेवाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए किया था।
नाराजगी
भ्रामक विज्ञापन पर फूटा माधवन का गुस्सा
सोशल मीडिया पर इस स्क्रीनशॉट को साझा करते हुए माधवन ने लिखा, 'कितनी शर्म की बात है। ये लोग और संस्थाएं ऐसा कैसे सोच सकती हैं कि वे इस तरह की हरकत करके बच निकलेंगे। आप किसी के इंटरव्यू की क्लिप उठाकर उसे अपने विज्ञापन (एंडोर्समेंट) का हिस्सा नहीं बना सकते। कानूनी नोटिस भेज दिया गया है। कृपया इस तरह के पेशेवरों और संस्थाओं से सावधान रहें।' माधवन का ये पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।