'आवारापन 2' में फिर गूंजेंगे 'तेरा मेरा रिश्ता' और 'तो फिर आओ', गीतकार सईद कादरी ने दोनों गानों में भरी नई जान
बॉलीवुड के जाने-माने गीतकार सईद कादरी ने फिल्म 'आवारापन 2' के लिए 2 बेहद लोकप्रिय और क्लासिक गानों 'तेरा मेरा रिश्ता' और 'तो फिर आओ' को नए अंदाज में फिर से तैयार किया है।
ये बहुप्रतीक्षित फिल्म 14 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है, जहां दर्शक एक बार फिर इन गानों के नए रूप को बड़े पर्दे पर सुन सकेंगे।
गौरतलब है कि साल 2007 में आई इमरान हाशमी अभिनीत फिल्म 'आवरापन' के ये दोनों गाने आज भी संगीत प्रेमियों और बॉलीवुड फैंस के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। अब इनके नए वर्जन को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता और अधिक बढ़ गई है।
'आवरापन 2' के लिए फिर साथ आए सईद कादरी और मिथुन
गीतकार सईद कादरी ने संगीतकार मिथुन के साथ मिलकर इन गानों को नया रूप दिया है। उनका कहना है कि पुराने गानों की खूबसूरती बनाए रखते हुए कुछ नया पेश करना एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन इसी दबाव में बेहतरीन काम निकलकर आया।
नितीन कक्कड़ के निर्देशन में बनी फिल्म 'आवरापन 2' में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी, शबाना आजमी और सुविंदर विक्की मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।