कई बदलावों के बाद अब सलमान की 'भाईजान' से 'पुष्पा' फेम देवी श्री प्रसाद भी बाहर

सलमान खान की फिल्म 'भाईजान' (पहले- कभी ईद कभी दीवाली) लगातार चर्चा में है। सलमान इस फिल्म का कुछ हिस्सा हैदराबाद में शूट कर चुके हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार यहां के रामोजी फिल्म सिटी में फिल्म के दो गानों की भी शूटिंग हो चुकी है। 'भाईजान' के लिए 'पुष्पा' फेम देवी श्री प्रसाद संगीत तैयार कर रहे थे। हालांकि, खबर है कि अब वह फिल्म से बाहर हो गए हैं। यह फैसला दोनों ने आपसी सहमती से लिया है।
बॉलीवुड हंगामा के अनुसार सलमान और 'भाईजान' की टीम देवी के संगीत से संतुष्ट नहीं थे। सलमान को लग रहा था कि यह संगीत फिल्म की कहानी से साथ जच नहीं रहा है। इसके बाद सलमान और देवी आपसी सहमती से अलग हो गए। चर्चा है कि अब इस फिल्म के लिए सलमान अलग-अलग कंपोजर को लाएंगे। नए कंपोजर्स का चुनाव वह खुद करेंगे। सलमान इस फिल्म को एंटरटेनर बनाने में कोई भी कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं।
देवी श्री प्रसाद (DSP) मशहूर तेलुगू प्लेबैक सिंगर और म्यूजिक कंपोजर हैं। दक्षिण भारतीय सिनेमा के कई लोकप्रिय फिल्मों में वह अपना संगीत दे चुके हैं। पुष्पा में उनके संगीत को पूरे देश में पसंद किया गया था।
इस फिल्म में शुरू से अब तक कई बदलाव हो चुके हैं। कुछ समय पहले फिल्म का नाम 'कभी ईद कभी दीवाली' से 'भाईजान' किया गया था। इसके पहले फिल्म के स्टारकास्ट में कई बदलाव हो चुके हैं। फिल्म में अभिनेता अरशद वारसी, श्रेयस तलपड़े, को आयुष शर्मा और जहीर इकबाल से रिप्लेस किया गया। इसके बाद ये दोनों अभिनेताओं ने भी फिल्म छोड़ दी। कुछ समय पहले फिल्म में श्वेता तिवारी की बेटी पलक तिवारी ने एंट्री की है।
'भाईजान' में सलमान के साथ जस्सी गिल और लोकप्रिय टीवी अभिनेता सिद्धार्थ निगम काम कर रहे हैं। बिग बॉस फेम शहनाज गिल इस फिल्म से अपना बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं। इनके अलावा फिल्म में अभिनेत्री पूजा हेगड़े और न्यूकमर पलक तिवारी नजर आएंगी। फिल्म की कहानी के बारे में कहा जाता है कि यह सलमान के परिवार से ही प्रेरित है। यह एक ऐसे परिवार पर आधारित है हिंदू और मुस्लिम दोनों के त्यौहार धूमधाम से मनाए जाते हैं।
'भाईजान' इस साल 30 दिसंबर को रिलीज होगी। सलमान पिछली बार पर्दे पर मई 2021 में फिल्म 'राधे' में नजर आए थे। 'भाईजान' के अलावा सलमान चर्चित फ्रैंचाइजी 'एक था टाइगर' की अगली फिल्म की घोषणा कर चुके हैं। 'टाइगर 3' अप्रैल 2023 में रिलीज होगी। वहीं, फिल्म 'नो एंट्री' का सीक्वल भी बन रहा है। चर्चा है कि इस फिल्म में सलमान डबल रोल में नजर आएंगे। इस फिल्म में सलमान के साथ अनिल कपूर और फरदीन खान होंगे।