LOADING...
प्रियंका चोपड़ा की 'द व्हाइट टाइगर' नेटफ्लिक्स पर बनी दुनिया की नंबर एक फिल्म

प्रियंका चोपड़ा की 'द व्हाइट टाइगर' नेटफ्लिक्स पर बनी दुनिया की नंबर एक फिल्म

Jan 27, 2021
03:17 pm

क्या है खबर?

मशहूर अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की हालिया फिल्म 'द व्हाइट टाइगर' नेटफ्लिक्स पर 26 जनवरी को दुनिया की सबसे लोकप्रिय फिल्म बनी है। प्रियंका इस फिल्म की सफलता पर अपनी खुशी को व्यक्त करने से नहीं रोक पाई। इस फिल्म को उपलब्धि मिलने पर प्रियंका ने इंस्टाग्राम पर फैंस से अपनी खुशी व्यक्त की है। बता दें कि इस फिल्म में प्रियंका सहायक भूमिका में दिखी हैं। आइए जानें पूरी खबर।

इंस्टा पोस्ट

प्रियंका ने समर्थन के लिए फैंस का किया अभिवादन

प्रियंका ने मंगलवार को नेटफ्लिक्स पर 26 जनवरी को सबसे लोकप्रिय फिल्मों की नवीनतम रैंकिंग अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में शेयर की है। इसमें 'द व्हाइट टाइगर' की रैंकिंग सर्वोच्च थी। प्रियंका ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'यह देखते हुए बहुत उत्साहित हूं कि #TheWhiteTigerNetflix दुनिया भर में नेटफ्लिक्स पर नंबर एक फिल्म बन गई है!! समर्थन के लिए बहुत बहुत धन्यवाद। मुझे देखते रहें और मुझे बताएं कि आप क्या सोचते हैं!'

किरदार

फिल्म में दिखे ये सितारे

'द व्हाइट टाइगर' का निर्देशन रामिन बहारानी ने किया है और यह अरविंद अडिगा के उपन्यास पर आधारित है। इस उपन्यास के लिए अरविंद को 'मैन बुकर' पुरस्कार मिल चुका है। इस फिल्म में आदर्श गौरव लीड रोल में हैं, जबकि सहायक कलाकार के रूप में प्रियंका और राजकुमार राव हैं। प्रियंका ने इस फिल्म का सह-निर्माण भी किया है। मूल रूप से यह फिल्म अंग्रेजी में बनी थी, लेकिन इसे हिंदी में भी हर जगह रिलीज किया गया।

Advertisement

कहानी

कैसी है 'द व्हाइट टाइगर' की कहानी?

फिल्म का पात्र बलराम एक गरीब परिवार में पैदा होता है, जिसकी पढ़ाई छूट जाती है। वह दिल्ली जाकर अपने जमींदार के बेटे का ड्राइवर बन जाता है। वह अपने मालिक का दिल जीतने की कोशिश करता रहता है। जब मालिक की पत्नी एक बच्ची को गाड़ी से कुचल देती है, तो उसे ही उस दुर्घटना का जिम्मेदार बना दिया जाता है। बलराम एक बड़ा आदमी बनने के लिए कैसे जद्दोजहद करता है, उसे ही फिल्म में दर्शाया गया है।

Advertisement

अभिनय

फिल्म में अभिनेता आदर्श गौरव के अभिनय को सराहा गया

'द व्हाइट टाइगर' को 22 जनवरी को रिलीज किया गया था। फिल्म में अभिनेता आदर्श गौरव ने अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने न केवल फिल्म में मिले मौके को भुनाया है, बल्कि अपने प्रदर्शन से दर्शकों को प्रभावित भी किया है। उन्होंने एक एंग्री यंग मैन की भूमिका को अमिताभ बच्चन की तरह मौजूदा समय में बखूभी निभाया है। मंगलवार को ही आदर्श को 'बेस्ट मेल लीड' कैटेगरी में 'इंडिपेंडेंट स्पिरिट अवार्ड्स' के लिए भी नामित किया गया है।

विवाद

'द व्हाइट टाइगर' के रिलीज से पहले हुआ था विवाद

गौरतलब है कि इस फिल्म के रिलीज से पहले काफी विवाद हुआ था। हॉलीवुड निर्माता जॉन हार्ट जूनियर ने इस फिल्म पर कॉपीराइट के उल्लंघन करने का आरोप लगाया था। उन्होंने इस संबंध में दिल्ली हाइकोर्ट में फिल्म की रिलीज रोकने की याचिका दायर की थी। याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय ने हार्ट जूनियर की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें उन्होंने फिल्म के रिलीज पर रोक लगाने की मांग की थी।

जानकारी

इस वेब सीरीज में नजर आएंगी प्रियंका चोपड़ा

प्रियंका चोपड़ा ने अब अपनी अगली वेब सीरीज 'सिटाडेल' पर काम करना शुरू कर दिया है। इस वेब सीरीज के प्रोड्यूसर रूसो ब्रदर्स हैं। इसमें 'गेम ऑफ थ्रोंस' और 'बॉडीगार्ड' से ख्याति प्राप्त कर चुके अभिनेता रिचर्ड मैडेन भी अभिनय करते दिखेंगे।

Advertisement