राजकुमारी डायना की मशहूर 'रिवेंज ड्रेस' 30 साल बाद फिर होगी नीलाम, करोड़ों में लगेगी बोली
क्या है खबर?
राजकुमारी डायना को दुनिया आज भी उनके शाही जीवन और चर्चित विवादों के लिए याद करती है, लेकिन उनकी पहचान से जुड़ी एक और चीज है, जिसे लोग कभी नहीं भूलते और वो है उनकी मशहूर 'रिवेंज ड्रेस'। डायना की ये काले रंग की पोशाक इतनी खास बनी कि बाद में 'रिवेंज ड्रेसिंग' एक चलन बन गया। अब राजकुमारी डायना की ये मशहूर ड्रेस एक बार फिर नीलामी के लिए तैयार है।
नीलामी
जानिए कितने करोड़ तक लग सकती है बोली
सोथबीज नाम की मशहूर नीलामी संस्था डायना की इस ब्लैक सिल्क ड्रेस को 9 दिसंबर को न्यूयॉर्क में नीलाम करेगी।
इस ड्रेस को ग्रीक डिजाइनर क्रिस्टीना स्टैंबोलियन ने डिजाइन किया था। इसकी कीमत करीब 1.4 करोड़ से 2.8 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
इससे पहले जून 1997 में भी इस ड्रेस की नीलामी हुई थी। डायना की ये ड्रेस आज भी फैशन की दुनिया में खास पहचान रखती है।
खासियत
डायना ने अचानक पहनी थी ये ब्लैक ड्रेस
क्या आप जानते हैं कि राजकुमारी डायना ने शुरुआत में इस ड्रेस को पहनने का फैसला नहीं किया था?
29 जून, 1994 को वो लंदन की सर्पेंटाइन गैलरी में वैनिटी फेयर की एक पार्टी में पहुंचीं। उन्होंने ऑफ-शोल्डर ब्लैक सिल्क ड्रेस पहनी थी, जिसमें असमान लंबाई और शिफॉन की लंबी ट्रेल थी। आमतौर पर यह एक खूबसूरत ब्लैक ड्रेस थी, लेकिन इसे पहनने का समय और उस दिन की परिस्थितियों ने इसे खास बना दिया।
अंदाज
चार्ल्स की बेवफाई के बीच डायना के अंदाज ने खींचा सबका ध्यान
टीवी पर उसी शाम प्रिंस चार्ल्स सार्वजनिक रूप से डायना के प्रति बेवफाई की बात स्वीकार करने वाले थे। इस खबर की पहले से चर्चा थी और डायना जानती थीं कि सभी कैमरों की नजर उन पर होगी। इसके बावजूद उन्होंने कार्यक्रम में जाने का फैसला किया।
आखिरी समय में उन्होंने वैलेंटिनो की ड्रेस बदलकर काली ड्रेस पहनी, जिसे बाद में 'रिवेंज ड्रेस' कहा गया। इसके साथ उन्होंने अपने गहने और शादी में मिले एक खास तोहफे को भी पहना।
फैसला
3 साल तक अलमारी में रखी रही डायना की ये 'रिवेंज ड्रेस
सोथबीज के मुताबिक, ये ड्रेस डायना की अलमारी में करीब 3 साल तक बिना पहने रखी रही, क्योंकि उन्हें ये काफी बोल्ड लगती थी, लेकिन उस रात उन्होंने इसे पहनने का फैसला किया।
उनकी स्टाइलिस्ट अन्ना हार्वे के मुताबिक, डायना बस बेहद खूबसूरत दिखना चाहती थीं। उनके इस लुक के बाद ड्रेस को 'रिवेंज ड्रेस' नाम मिला। ये ड्रेस डायना के आत्मविश्वास और उनके जीवन के मुश्किल दौर में फैशन के जरिए अपनी बात रखने का प्रतीक बन गई।