प्रतिलिपि और टिकटॉक का ग्लोबल धमाका, 21 हिंदी माइक्रो-ड्रामा अब देखेगी दुनिया
प्रतिलिपि की डबल टैप फिल्म्स ने टिकटॉक के साथ हाथ मिलाया है। इस साझेदारी से 21 हिंदी माइक्रो-ड्रामा सीरीज अमेरिका, कनाडा, ब्राजील और जापान के दर्शकों तक पहुंचेंगी।
भारतीय वर्टिकल-फॉर्मेट कंटेंट के लिए यह एक बड़ा कदम है, जो अब वैश्विक मंच पर अपनी जगह बना रहा है। ये सभी सीरीज हिंदी में स्ट्रीम की जाएंगी और हर क्षेत्र के हिसाब से इनमें खास सबटाइटल्स भी उपलब्ध होंगे।
क्या भारतीय कंटेंट ग्लोबल दर्शकों को लुभाएगा?
यह एक साल का समझौता राजस्व-साझाकरण (रेवेन्यू-शेयरिंग) मॉडल पर काम करेगा। इसके तहत यह परखा जाएगा कि अंतरराष्ट्रीय दर्शक भारतीय छोटी कहानियों, जैसे 'अवनिका की शादी' और 'CEO से रोमियो' को कितना पसंद करते हैं यी नहीं।
भारत में माइक्रो-ड्रामा का बाजार तेजी से फल-फूल रहा है। पिछले साल इसका कारोबार 650 करोड़ रुपये का रहा था और उम्मीद है कि यह हर साल 50% से ज्यादा की रफ्तार से बढ़ेगा।
इसकी वजह AI-संचालित निर्माण और छोटे शहरों में इन कहानियों की बढ़ती मांग को माना जा रहा है।