'गजनी' के विलेन और लगान के 'देवा' अभिनेता प्रदीप रावत का निधन, कैंसर से हारी जंग
क्या है खबर?
आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्मों 'गजनी' और 'लगान' में अपनी दमदार छाप छोड़ने वाले दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वो लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जंग लड़ रहे थे। अपनी कड़क आवाज और सशक्त अभिनय के दम पर खलनायक व चरित्र अभिनेता के रूप में दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले प्रदीप रावत के निधन से सिनेमा जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है।
दुखद
कैंसर के कारण बिगड़ी थी तबीयत
बीआर चोपड़ा की 'महाभारत' में अश्वत्थामा और 'गजनी' में खौफनाक विलेन 'गजनी धर्मात्मा' की यादगार भूमिका निभाने वाले अभिनेता प्रदीप रावत ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है।
वो लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और हाल के हफ्तों में उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई थी।
उनके मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी के अनुसार, अस्पताल में इलाज के दौरान स्वास्थ्य अत्यधिक बिगड़ने के बाद 4 अगस्त की शाम 6 से 6:30 बजे के बीच उन्होंने अंतिम सांस ली।
लड़ाई
4 साल पहले दी थी कैंसर को मात
प्रदीप ने करीब 4 साल पहले कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को सफलतापूर्वक मात दे दी थी।
हालांकि, लगभग डेढ़ महीना पहले उन्हें दोबारा कैंसर हो गया, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उनके मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने जानकारी दी कि डेढ़ महीने से जारी इलाज और तबीयत लगातार बिगड़ने के कारण आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्रदीप रावत पिछले 1 महीने से अस्पताल में भर्ती थे।
कारण
अचानक प्लेटलेट्स गिरने से बिगड़ी तबीयत
अचानक से अभिनेता की प्लेटलेट्स बहुत तेजी से नीचे गिर गई, जिसके बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई और वो इससे उबर नहीं सके।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदीप का अंतिम संस्कार 5 अगस्त की शाम को किया जाएगा। अंतिम संस्कार की रस्मों से पहले उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनों के लिए मुंबई के गोरेगांव स्थित उनके आवास पर रखा जाएगा।
वो अपने पीछे पत्नी कल्याणी रावत और 18 वर्षीय बेटे विक्रमादित्य को छोड़ गए हैं।
करियर
ऐसा रहा प्रदीप रावत का फिल्मी सफर
प्रदीप ने अपने करियर की शुरुआत टीवी से की थी। साल 1988 में बीआर चोपड़ा के कालजयी शो 'महाभारत' में 'अश्वत्थामा' का किरदार निभाकर वो घर-घर में लोकप्रिय हुए, जिसे आज भी बेहद यादगार माना जाता है।
इसके बाद उन्होंने हिंदी, तमिल और तेलुगू सिनेमा में कदम रखा। अपनी दमदार कद-काठी, कड़क आवाज और प्रभावशाली अभिनय के दम पर उन्होंने मुख्य रूप से खौफनाक विलेन की भूमिकाओं में भारतीय सिनेमा में एक अलग और खास पहचान बनाई।