मशहूर रैपर ऑफसेट गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती; जानिए कैसी है तबीयत
क्या है खबर?
हॉलीवुड के मशहूर रैपर ऑफसेट को लेकर चौंकाने वाली खबर आई है। 6 अप्रैल की शाम फ्लोरिडा के हॉलीवुड में एक होटल के बाहर उन्हें गोली मार दी गई। इस घटना के पता लगते ही फैंस का दिल टूट गया और वह चिंतित हो गए हैं। रैपर के प्रतिनिधि ने घटना की पुष्टि करते हुए बयान में बताया कि ऑफसेट फिलहाल अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं। उन्हें डॉक्टर की कड़ी निगरानी में रखा गया है। उनकी हालत स्थिर है।
बयान
खतरे से बाहर हैं रैपर ऑफसेट
खबरों के मुताबिक, इस घटना में रैपर ऑफसेट को मामूली चोटें आई हैं। द हॉलीवुड रिपोर्टर को दिए बयान में सेमिनोल पुलिस ने कहा, "हमें सोमवार शाम 7 बजे के बाद सेमिनोल हार्ड रॉक हॉलीवुड के बाहर हुई एक घटना की जानकारी है, जिसमें एक व्यक्ति को मामूली चोटें आईं, जिन्हें हॉलीवुड के मेमोरियल रीजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया। सेमिनोल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया। 2 लोगों को हिरासत में लिया है। जांच जारी है।"
परिचय
रैपर ऑफसेट के बारे में जानिए
ऑफसेट का असली नाम किआरी केंड्रेल सेफस है, जिन्हें हिप-हॉप ग्रुप मिगोस के सदस्य के तौर पर शोहरत मिली। इस ग्रुप को 2008 में कुआवो और टेकऑफ के साथ मिलकर बनाया गया था। 'वॉक इट टॉक इट' और 'मोटर स्पोर्ट' जैसे गाने इसी ग्रुप की देन हैं। रैपर की निजी जिंदगी पर बात करें, तो वह 6 बच्चों के पिता हैं। 3 बच्चे उनकी अलग रह रही पत्नी, रैपर कार्डी बी से हैं, जबकि 3 उनके पिछले रिश्तों से हैं।