नोएडा में 'धुरंधर 2' के प्रिव्यू शो पर बवाल, भारी हंगामे के बीच बुलानी पड़ी पुलिस
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 19 मार्च को फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है जिसे देखने के लिए लोग भारी संख्या में सिनेमाघर पहुंच रहे हैं। इससे पहले, 18 मार्च को शाम 5 बजे से कई शहराें के कुछ सिनेमाघरों में पेड प्रिव्यू शोज रखे गए थे। इस दौरान, नोएडा के DLF मॉल ऑफ इंडिया स्थित PVR सुपरप्लेक्स में हालात जल्द ही हंगामे में बदल गया।
बवाल
प्रिव्यू शो बीच में रद्द होने से मचा बवाल
PVR सुपरप्लेक्स में बवाल शाम 5:45 बजे के शो के दौरान शुरू हुआ, जब 10 मिनट का ब्रेक जल्द ही अनिश्चितकालीन देरी में बदल गया। हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, दर्शकों को बताया गया कि "तकनीकी खराबी" है, लेकिन फिल्म कब शुरू होगी, शुरू होगी भी या नहीं, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। जैसे-जैसे घंटे बीतते गए, भीड़ का गुस्सा बढ़ता गया जिसके बाद लोगों ने थिएटर स्टाफ पर खराब मैनेजमेंट का आरोप लगाना शुरू कर दिया।
रिफंड
दर्शकों को जारी किया गया रिफंड
स्थिति तब और बिगड़ गई जब लोगों ने कथित तौर पर 'हाय हाय PVR' के नारे लगाने शुरू कर दिए। भीड़ के बेकाबू होने पर, थिएटर अधिकारियों को व्यवस्था बनाए रखने के लिए आखिरकार पुलिस को बुलाना पड़ गया। थिएटर अधिकारियों के अनुसार, सभी को रिफंड जारी कर दिया गया है, लेकिन उनका आरोप है कि समस्या डिस्ट्रीब्यूटर की ओर से थी। उधर निर्देशक आदित्य धर ने तकनीकी खराबी के चलते शो रद्द होने पर लोगों से माफी भी मांगी।