'पति पत्नी और वो दो' या 'करुप्पू', बॉक्स ऑफिस पर छठे दिन किसका रहा दबदबा?
क्या है खबर?
आयुष्मान खुराना की फिल्म 'पति पत्नी और वो दो' बॉक्स ऑफिस पर डटी हुई है। उसके सामने साउथ सुपरस्टार सूर्या और तृषा कृष्णन की फिल्म 'करुप्पू' खड़ी है और दोनों फिल्मों में टक्कर जारी है। इस बीच, संजय दत्त की फिल्म 'आखिरी सवाल' एक हफ्ता पूरा करने से पहले अपने आखिरी दिन गिनने लगी है। आइए जानते हैं कि आखिर इन सभी फिल्मों के लिए गुरुवार का दिन कमाई के लिहाज से कैसा रहा है।
कमाई
'पति पत्नी और वो दो' की कमाई में आई गिरावट
सैकनिल्क के मुताबिक, 'पति पत्नी और वो दो' ने बुधवार, यानी 5वें दिन बढ़त हासिल करते हुए 3.50 करोड़ रुपये कमाए थे, लेकिन अगले ही दिन आंकड़ों में गिरावट का दौर देखने को मिला। फिल्म ने छठे दिन 2.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। कुल 6 दिनों के अंदर आयुष्मान की फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 27 करोड़ रुपये का नेट कारोबार कर लिया है। फिल्म में सारा अली खान, वामिका गब्बी और रकुल प्रीत सिंह भी हैं।
टक्कर
100 करोड़ी बनी 'करुप्पू', 'आखिरी सवाल' सूपड़ा साफ होने की कगार पर
सूर्या की फिल्म 'करुप्पू' पहले दिन से जनता का दिल जीत रही है और बंपर कारोबार कर रही है। इसने छठे दिन भी बॉक्स ऑफिस पर 10.30 करोड़ रुपये कमाए और इसी के साथ फिल्म 100 करोड़ के क्लब में दाखिल हो गई है। इसका कुल कलेक्शन अब 105.35 करोड़ रुपये हो गया है। उधर फिल्म 'आखिरी सवाल' अपना आखिरी वक्त गिन रही है। इसने छठे दिन महज 19 लाख रुपये कमाए। इसका कुल कलेक्शन 2.59 करोड़ रुपये हुआ है।