पार्थ सामथान ने पूरा किया सबसे बड़ा सपना, पुणे में खरीदा सपनों का घर
अपने सीरियल 'कैसी ये यारियां' और 'कसौटी जिंदगी की 2' से घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता पार्थ सामथान ने अपना सपनों का घर खरीद लिया है। खास बात यह है कि यह घर उन्होंने अपने गृह नगर पुणे में खरीदा है।
पार्थ ने यह खुशखबरी इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करके अपने फैंस को दी। इस वीडियो में उनके नए घर की एक झलक दिखाई गई है।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, 'सपने सच में पूरे होते हैं। मैंने पुणे में अपने सपनों का घर खरीद लिया है।'
पार्थ ने दिया मां को श्रेय
इस बड़ी कामयाबी का श्रेय पार्थ ने अपनी मां को दिया है। उनकी पोस्ट पर फैंस ने कमेंट सेक्शन में जमकर प्यार बरसाया।
एक फैन ने लिखा, 'कुछ सपने तो रात-रात की मेहनत, दिन-रात की भाग-दौड़ और मां की दुआओं से बनते हैं। यह घर सिर्फ एक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक खूबसूरत याद है कि आप कितनी दूर आ गए हैं। आपको देखकर बहुत गर्व होता है पार्थ।'
वहीं, एक और फैन ने लिखा, 'पार्थ, आप इस घर के पूरी तरह हकदार हैं। आपकी कड़ी मेहनत ने आखिर एक खूबसूरत सपने को सच कर दिया है।'