परेश रावल ने फिर छोड़ी 'हेरा फेरी 3', ब्याज और मुआवजे के साथ लौटाई एडवांस रकम?
क्या है खबर?
'हेरा फेरी 3' घोषणा के बाद से ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म से अब तक कई विवाद जुड़ चुके हैं। हालांकि, कुछ महीने पहले आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि फिल्म के मुख्य कलाकारों के बीच के सारे मतभेद सुलझ गए हैं, लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि फिल्म पर एक बार फिर नई मुसीबत आ गई है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता परेश रावल ने फिर इस प्रोजेक्ट से दूरी बना ली है।
रिपोटग्
निर्माताओं की इस शर्त के कारण परेश ने छोड़ी फिल्म
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, परेश ने न सिर्फ फिल्म की साइनिंग अमाउंट 15 प्रतिशत ब्याज के साथ लौटाई है, बल्कि निर्माताओं को अतिरिक्त मुआवजा भी दे दिया है। एक सूत्र ने खुलासा कर बताया, "परेश की कुल फीस 15 करोड़ रुपये तय हुई थी, लेकिन फिल्म के कॉन्ट्रैक्ट में एक शर्त रखी गई थी कि बाकी बचे 14.89 करोड़ रुपये उन्हें फिल्म के रिलीज होने के 1 महीने बाद दिए जाएंगे। इसी शर्त से परेश को दिक्कत थी।
नामंजूर
करोड़ों की फीस के लिए 2 साल का इंतजार मंजूर नहीं
फिल्म की मुख्य शूटिंग अगले साल शुरू होने वाली है। इसका मतलब है कि 'हेरा फेरी 3' साल 2027 के आखिर या फिर 2028 से पहले रिलीज नहीं हो पाएगी। साफ शब्दों में कहें तो परेश को अपनी बाकी की फीस के लिए करीब 2 साल तक इंतजार करना पड़ता। हालांकि, ये खबर हर तरफ छा गई है, लेकिन अभी तक न तो फिल्म के निर्माताओं और ना ही खुद अभिनेता की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि की गई है।
विवाद
पहले लगा सुलझ गया विवाद, अब 'बाबू भैया' ने फिर बढ़ाई टेंशन
कुछ समय पहले सुनने में आया था कि परेश और निर्माताओं के बीच के मतभेद सुलझ गए हैं और वो फिल्म में वापस लौट रहे हैं, तब प्रशंसकों ने राहत की सांस ली थी। 'हेरा फेरी' के दीवानों के बीच इस बात का जश्न था कि आखिरकार उनके चहेते 'बाबूराव गणपतराव आप्टे' वापस आ गए हैं, लेकिन अब एक बार फिर से 'बाबू भैया' के बाहर होने की खबर ने फैंस की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया है।
फ्रेंचाइजी
पहली 'हेरा फेरी' से लेकर 'हेरा फेरी 3' तक
साल 2000 में आई पहली 'हेरा फेरी' एक मलयालम फिल्म की रीमेक थी, जो ब्लॉकबस्टर रही। इसके बाद 2006 में आई 'फिर हेरा फेरी' ने भी सफलता के झंडे गाड़े। राजू (अक्षय कुमार), श्याम (सुनील शेट्टी) और बाबू भैया (परेश रावल) की इस तिकड़ी ने दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर दिया था। हालांकि 'हेरा फेरी 3' को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है, लेकिन फैंस इस 'ओरिजनल तिकड़ी' को दोबारा साथ देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।