पंकज त्रिपाठी फिल्मों से पहले होटल में करते थे काम, 2 साल तक छीले प्याज-आलू
क्या है खबर?
बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी हाल ही में विकास दिव्यकीर्ति और जाकिर खान के साथ कपिल शर्मा के नेटफ्लिक्स शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में नजर आए। इस दौरान उन्होंने अपने अब तक के सफर और करियर को नई दिशा देने वाले फैसलों पर खुलकर बात की। साथ ही, पंकज ने यह भी खुलासा किया कि अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले वह क्या बनना चाहते थे।
चाहत
अभिनेता से पहले पंकज क्या बनना चाहते थे?
जब दर्शकों में से एक व्यक्ति ने बताया कि वह अपने करियर को लेकर उलझन में है, तो कपिल ने पंकज से पूछा कि क्या अभिनय में आने से पहले उन्होंने भी कभी ऐसी अनिश्चितता का सामना किया था।
इस पर पंकज ने कहा, "मैं भी एक छात्र नेता बनना चाहता था, लेकिन पुलिस ने मुझे इतनी बुरी तरह पीटा कि उसी दिन मैंने अपना इरादा बदल लिया, क्योंकि मुझे समझ आ गया कि इसमें मार खाना भी शामिल है।"
काम
पंकज ने 2 साल तक होटल में किया काम
पंकज ने आगे कहा, "मैंने 2 साल तक एक होटल में काम किया, वहां प्याज और आलू छीलते हुए मुझे एहसास हुआ कि मेरी किस्मत कुछ और ही है, यह नहीं।"
जब नवजोत सिंह सिद्धू ने पूछा कि क्या वह अपनी तरक्की का श्रेय OTT को देते हैं, तो पंकज ने कहा, "मैं मानता हूं कि OTT ने बाहरी लोगों को अपनी पहचान बनाने में मदद की है। हम सभी साधारण परिवारों से आते हैं, लेकिन इसमें हमें मौके मिले।"
पहचान
OTT प्लेटफॉर्म से मिली पंकज को असली पहचान
पंकज कहते हैं, "भारत के हर बच्चे के लिए यह मुमकिन है और जाहिर है कि जैसे-जैसे नए माध्यम सामने आते हैं, वैसे-वैसे नए अवसर भी खुलते जाते हैं।"
पंकज ने 2004 में फिल्म 'रण' में एक छोटे से रोल के साथ अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की थी।
हालांकि, उन्हें असली पहचान 2012 में अनुराग कश्यप की फिल्म 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' से मिली। OTT प्लेटफॉर्म्स के आने से इस अभिनेता की लोकप्रियता और भी बढ़ गई।