Page Loader
'शुभ' से 'हथौड़ा त्यागी' तक, OTT के इन खूंखार खलनायकों ने जीता दर्शकों का दिल
इन वेब सीरीज में खूंखार खलनायकों ने जीता दिल

'शुभ' से 'हथौड़ा त्यागी' तक, OTT के इन खूंखार खलनायकों ने जीता दर्शकों का दिल

लेखन मेघा
Mar 30, 2024
05:42 pm

क्या है खबर?

OTT के आगमन के बाद से ही लोगों में वेब सीरीज देखने की रुचि तेजी से बढ़ी है। यहां हर जॉनर की सीरीज शामिल हैं, जिनका लुत्फ दर्शक घर बैठे उठा सकते हैं। ऐसे में वीकेंड के आते ही लोग OTT पर कुछ अच्छा देखने के तलाश में जुट जाते हैं। इसी कड़ी में आज हम आपको उन सीरीज के बारे में बताएंगे, जो अपने खूंखार खलनायकों के दम पर खूब मशहूर हुईं। आइए उन खलनायकों पर नजर डालते हैं।

#1

'असुर'- शुभ जोशी 

सबसे दिलचस्प, लेकिन भयावह खलनायकों में से एक 'असुर: वेलकम टू योर डार्क साइड' का शुभ जोशी है, जिसका किरदार विशेष बंसल और अभिषेक चौहान ने निभाया था। शुभ एक ऐसा इंसान है, जो बुद्धिमान है पर अपने ज्ञान का इस्तेमाल बुराई के लिए करता है। वह जेल से भागता है और कई कैदियों को अपना अनुयायी बना लेता है। जियो सिनेमा पर मौजूद सीरीज के 2 सीजन आ चुके हैं, जिसमें बरुन सोबती और अरशद वारसी भी शामिल हैं।

#2

'पाताल लोक'- हथौड़ा त्यागी 

'पाताल लोक' में हाथीराम चौधरी के किरदार में जयदीप अहलावत की खूब प्रशंसा हुई थी तो खलनायक बने अभिषेक बनर्जी वाहवाही लूटने में सफल रहे थे। अभिषेक ने हथौड़ा त्यागी का किरदार निभाया था, जो एक खतरनाक हत्यारा है तो उसकी बातें काफी समझदारी वाली भी हैं। ऐसे में अपनी बातों से वह कई जगह दर्शकों का दिल जीतने में सफल रहता है। 9 एपिसोड की इस सीरीज को आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।

#3

'आश्रम'- बाबा निराला 

प्रकाश झा की सीरीज 'आश्रम' में बॉबी देओल, बाबा निराला बनकर छाए थे। बाबा दुनिया के सामने बहुत दयालु बनता था तो पर्दे के पीछे वह कमजोर लोगों का शोषण करता है। खुद को भगवान समझने वाला यह बाबा कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहता है और आश्रम में रहने वाली लड़कियों का शोषण करता है। हालांकि, इस सबके बाद भी वह आलीशान जिंदगी जीता है। सीरीज में बॉबी का प्रदर्शन कमाल है, जिसे MX प्लेयर पर देख सकते हैं।

#4

'मिर्जापुर'- मुन्ना भैया 

'मिर्जापुर' के मुन्ना भैया क्रूरता और दबंगई के मामले में चर्चा में रहे थे, जिसका किरदार दिव्येंदु शर्मा ने निभाया था। इसमें दिखाया था कि मिर्जापुर का राजा बनने के लिए मुन्ना भैया किसी भी हद तक जाने को तैयार है। अब अगर बात 'मिर्जापुर' की हो रही है तो कालीन भैया को कैसे भूल सकते हैं। कालीन भैया उर्फ अखंडानंद त्रिपाठी के किरदार में पंकज त्रिपाठी की भी खूब प्रशंसा हुई थी। यह अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।

#5

'सेक्रेड गेम्स'- गणेश गायतोंडे

'सेक्रेड गेम्स' इस सूची की शानदार सीरीज में शुमार है, जिसमें नवाजुद्दीन सिद्दीकी और सैफ अली खान मुख्य भूमिका में नजर आए थे। सीरीज में नवाज ने गैंगस्टर गणेश गायतोंडे का किरदार निभाया था, जिसमें उनका प्रदर्शन काबिल-ए-तारीफ था। गायतोंडे पुलिस से छुपा रहता है तो सरताज (सैफ) को उसके बारे में जानकारी मिलती है। गायतोंडे का डायलॉग, "कभी-कभी लगता है अपुन इच भगवान है..." काफी मशहूर हुआ था। इस सीरीज के 2 सीजन आए हैं, जो नेटफ्लिक्स पर हैं।