राजकुमार राव की 'टोस्टर' से 'मटका किंग' तक, OTT पर तहलका मचाने आ रहीं ये फिल्में-सीरीज
क्या है खबर?
इन दिनों सिनेमाघरों में रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' और मृणाल ठाकुर, अदिवि शेष की फिल्म 'डकैत' ने अपना कब्जा जमाकर रखा हुआ है। इन दोनों को टक्कर देने के लिए अक्षय कुमार अपनी हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' भी लेकर आ रहे हैं। उनकी यह फिल्म 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। इस बीच, OTT प्रेमियों के लिए भी वीकेंड मनोरंजन से भरपूर होने वाला है, क्योंकि कई सारी फिल्में-सीरीज आ रही हैं।
#1
'टोस्टर'
राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा की फिल्म 'टोस्टर' अपनी घोषणा के बाद से चर्चा में थी। आखिरकार यह 15 अप्रैल को दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए आ रही है। फिल्म का प्रीमियर OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर किया जाएगा जिसे सब्सक्राइबर यूजर्स फ्री में देख सकेंगे। इसकी कहानी कंजूस 'रमाकांत' के इर्द-गिर्द बुनी गई है जो एक शादी में टोस्टर गिफ्ट करता है, लेकिन शादी टूटने के बाद उसी गिफ्ट को वापस लेने की जुगत में लग जाता है।
#2
'उस्ताद भगत सिंह'
पवन कल्याण की फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन 34.75 करोड़ के साथ अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन 'धुरंधर 2' से टक्कर के कारण कमाई में भारी गिरावट आई। इसने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 72 करोड़ रुपये के करीब कमाई की। अब यह फिल्म OTT प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने के लिए तैयार है। इसका प्रीमियर 16 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में किया जाएगा।
#3
'मटका किंग'
विजय वर्मा की सीरीज 'मटका किंग' लंबे समय से लोगों का ध्यान खींचती आई है। हाल ही में, निर्माताओं ने इसका ट्रेलर जारी करते हुए रिलीज की तारीख से पर्दा उठाया। यह 17 अप्रैल से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। इसकी कहानी 1960 के दशक पर आधारित होगी। इसमें दिखाया जाएगा कि कैसे बृज भट्टी नाम का एक कपास व्यापारी जुआ नेटवर्क 'मटका किंग' कास इजात करता है। सीरीज में कृतिका कामरा, साई ताम्हणकर और गुलशन ग्रोवर जैसे सितारे हैं।
#4 & #5
'अस्सी' और 'दो दीवाने सहर में'
तापसी पन्नू की कोर्टरूम ड्रामा पर आधारित फिल्म 'अस्सी' इसी साल फरवरी में रिलीज हुई थी, जिसे दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। अब यह अपने डिजिटल डेब्यू के लिए पूरी तरह से तैयार है। फिल्म का प्रीमियर 17 अप्रैल से ZEE5 पर किया जाएगा। दूसरी ओर, मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी की फिल्म 'दो दीवाने सहर में' भी 17 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने के लिए तैयार है। यह भंसाली प्रोडक्शन द्वारा निर्मित फिल्म है।