ऑस्कर की चकाचौंध के पीछे 477 करोड़ का खर्च, 20 लाख का तो सिर्फ रेड कार्पेट
क्या है खबर?
ऑस्कर की चकाचौंध जितनी सुनहरी दिखती है, इसके पीछे का बजट उतना ही चौंकाने वाला है। क्या आप जानते हैं कि सितारों के हाथों में चमकने वाली ऑस्कर ट्रॉफी से लेकर रेड कार्पेट तक की कीमत क्या होती है? ऑस्कर 2026 के भव्य आयोजन, सुरक्षा, सितारों के खान-पान और रेड कार्पेट की बिछावट पर पानी की तरह पैसा बहाया गया है। आइए जानें आखिर इस एक रात के ग्लैमर के लिए एकेडमी को कितनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ती है।
खर्च
ऑस्कर की चमक के पीछे 477 करोड़ का खर्च
हॉलीवुड की इस सबसे बड़ी रात का आयोजन करना किसी मामूली खेल की तरह नहीं। रेड कार्पेट से लेकर प्रतिष्ठित ऑस्कर की ट्रॉफियों और मेहमानों के 'लग्जरी गिफ्ट बैग्स' तक, हर चीज की कीमत आसमान छूती है। वॉलेटहब के अनुसार, फिल्म जगत की इन उपलब्धियों का सम्मान करने के लिए एकेडमी को लगभग 477 करोड़ की भारी-भरकम राशि खर्च करनी पड़ती है। 50,000 वर्ग फुट में फैले इस मशहूर रेड कार्पेट को बिछाने में ही करोड़ों का खर्च आता है।
निवेश
लाइव प्रसारण और तकनीक पर करोड़ों डॉलर खर्च
बजट का सबसे बड़ा हिस्सा विश्वव्यापी लाइव प्रसारण पर खर्च होता है। दुनिया के 200 से अधिक देशों में उच्च-गुणवत्ता सिग्नल पहुंचाने, डॉल्बी थिएटर की अत्याधुनिक लाइटिंग, साउंड इंजीनियरिंग और तकनीकी तामझाम के लिए करोड़ों डॉलर का निवेश किया जाता है। एकेडमी इस थिएटर को किराए पर लेने के लिए कितनी राशि चुकाती है, इसका कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। ये एक जटिल समझौते का हिस्सा है, जो सीधेतौर पर डॉल्बी लैबोरेट्रीज के नामकरण अधिकारों से जुड़ा हुआ है।
रेड कार्पेेट
रेड कार्पेट: 18 लोगों की टीम और सैकड़ों घंटे की मेहनत
अक्सर लोगों का ध्यान रेड कार्पेट पर चलने वाले सितारों पर होता है, लेकिन खुद उस रेड कार्पेट को बिछाना भी किसी बड़ी परियोजना से कम नहीं है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस 50,000 वर्ग फुट के विशाल कालीन को बिछाने के लिए एकेडमी लगभग करीब 20.5 लाख रुपये खर्च करती है। इस काम के लिए 18 लोगों का एक विशेष क्रू तैनात किया जाता है। इसे पूरी तरह तैयार करने में लगभग 600 से 900 घंटे का समय लगता है।
ट्राॅफी और तोहफे
24 कैरेट ट्रॉफी और करोड़ों के गिफ्ट बैग
इस साल ईरान के साथ युद्ध की स्थिति और संभावित ड्रोन हमलों के अलर्ट के चलते सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों पर करीब 2.31 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। उधर 24-कैरेट सोने की परत वाली ऑस्कर ट्रॉफी को बनाने में लगभग 33,000 से 37,000 का खर्च आता है। नामांकित सितारों और होस्ट कोनन ओ'ब्रायन को इस साल करीब 2.9 करोड़ रुपये का 'एवरीबडी विन्स' गिफ्ट बैग दिया गया, जिसमें लग्जरी प्रोडक्ट्स और खास वेकेशन जैसे महंगे तोहफे शामिल हैं।