'OMG 2' पर घमासान, अक्षय कुमार से फिल्म हथियाना चाहते थे परेश रावल? भड़के अश्विन वर्दे
क्या है खबर?
फिल्म जगत से एक बड़ा विवाद सामने आ रहा है। मशहूर फिल्म निर्माता अश्विन वर्दे ने आखिरकार अभिनेता परेश रावल के उन दावों की पोल खोल दी है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अक्षय कुमार की सुपरहिट फिल्म 'OMG 2' की कहानी उनका आइडिया था और उन्होंने ही इसे निर्देशक अमित राय के साथ मिलकर तैयार किया था। फिल्म के सह-निर्माता अश्विन ने परेश के दावों और आरोपों पर तीखा पलटवार किया है, जिससे ये विवाद और गहरा गया है।
पलटवार
परेश के दावों पर निर्माता का करारा पलटवार
पिंकविला से विशेष बातचीत में निर्माता अश्विन वर्दे ने कहा, "हाल ही में एक पॉडकास्ट में 'OMG 2' को लेकर परेश रावल द्वारा लगाए गए आरोप बेहद चौंकाने वाले, झूठे और निराधार हैं। इन गंभीर आरोपों के बाद अब मेरे पास सार्वजनिक रूप से सच्चाई सामने रखने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है। मैं इस फिल्म के निर्माण के इस पूरे सफर का अपना पक्ष साझा करना चाहता हूं, जो कि वास्तव में हुआ था।"
खुलासा
ऐसे रखी गई थी 'OMG 2' की नींव
निर्माता ने बताया, "दिग्गज अभिनेता पवन मल्होत्रा ने मुझे सबसे पहले लेखक-निर्देशक अमित राय का नाम सुझाया था। मैंने पवन के साथ अपनी फिल्म 'मुबारकां' में काम किया था। मैं अमित से एक अलग फिल्म के सिलसिले में मिला था, जिसके बाद हमारी दोस्ती हो गई। मुंबई के बांद्रा में अक्सर हमारी मुलाकात होती थी। ऐसी ही एक मुलाकात में अमित ने मुझे एक विषय सुनाया, जो मेरे दिल को छू गया। यही विषय आगे चलकर 'OMG 2 ' बना।"
बयान
"बिना अक्षय कुमार के नहीं बन सकती थी OMG 2"
अश्विन बोले, "जब मैंने पहली बार ये कहानी सुनी तो मुझे ये 'OMG' जैसी लगी। अमित ने मुझे बताया कि परेश ने उन्हें इसे 'OMG' के जितना संभव हो सके, उतने करीब रखने के लिए कहा था। परेश ने अमित संग फिल्म 'रोड टू संगम' में काम किया था और दोनों के बीच अच्छा तालमेल था। हालांकि, मुझे ये चिंता थी कि अक्षय कुमार की मंजूरी के बिना यह फिल्म नहीं बन सकती, क्योंकि 'OMG' के अधिकार उनके पास थे।
दावा
दूसरे नाम से 'OMG' बनाना चाहते थे परेश?
अश्विन ने खुलासा किया कि परेश रावल ने लेखक-निर्देशक अमित राय से झूठ बोला था कि 'OMG' के राइट्स उनके पास हैं।
जब अश्विन को यह पता चला तो उन्हें समझ आया कि परेश चालाकी से अलग नाम से 'OMG' का वर्जन बनाना चाहते थे, जो पूरी तरह से अनैतिक और गैर-पेशेवर था।
अश्विन ने इसे किसी और की संपत्ति और रचना को चुराने की कोशिश बताते हुए सीधे तौर पर 'चोरी' करार दिया।
कहानी
अमित राय ही हैं इकलौते लेखक
अश्विन ने खुलासा किया कि कई अभिनेताओं ने इस स्क्रिप्ट को इसलिए ठुकरा दिया, क्योंकि वे जानते थे कि 'OMG' पर केवल अक्षय का अधिकार है। स्क्रिप्ट को सुरक्षित करने के लिए अश्विन की कंपनी 'वाकाउ फिल्म्स' ने इसे खरीदा था।
उन्होंने साफ किया कि फिल्म के एकमात्र लेखक अमित राय हैं और स्क्रिप्ट उन्हीं के नाम पर पंजीकृत है। ऐसे में परेश रावल द्वारा फिल्म की स्क्रिप्ट के लिए क्रेडिट मांगना पूरी तरह से अनुचित, बेबुनियाद और गलत है।
श्रेय
बिना किसी योगदान के भी परेश को मिले पैसे और क्रेडिट
अश्विन ने आगे कहा, "परेश रावल को 'OMG 2' में निर्माता के रूप में पूरा क्रेडिट दिया गया था, भले ही फिल्म में उनका कोई योगदान नहीं था। उन्होंने ये क्रेडिट अपनी पत्नी स्वरूप और बिजनेस पार्टनर हेमल ठक्कर को दिया। इसके अलावा उन्हें इस फिल्म के लिए तय रकम का भुगतान भी किया गया था।"
निर्माता ने अंत में कहा, "हमारा इरादा परेश को धोखा देने का नहीं था, बल्कि हमारा एकमात्र 'गुनाह' उन्हें ऐसा करने से रोकना था।"