नुसरत भरूचा की रीढ़ की हड्डी में हुआ फ्रैक्चर, टीम ने बताया मुंबई में होगी सर्जरी
क्या है खबर?
नुसरत भरूचा को लेकर खबर आई थी कि बाली में एक शूटिंग के दौरान वह घायल हो गई हैं। ताजा अपडेट है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना के चलते उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया है। इलाज के लिए उन्हें एयरलिफ्ट करके मुंबई लाया जाएगा। अभिनेत्री के प्रवक्ता के आधिकारिक बयान के अनुसार, डॉक्टरों द्वारा नुसरत की जांच के बाद उनकी रीढ़ की हड्डी की सर्जरी की जाएगी। फिलहाल, वह बाली के ही एक अस्पताल में निगरानी में हैं।
बयान
नुसरत को मुंबई लाने की चल रही तैयारी
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, नुसरत के प्रवक्ता ने एक बयान में बताया कि अभिनेत्री को बाली से एयर एम्बुलेंस के जरिए मुंबई वापस लाने की व्यवस्था की जा रही है। यहां पर डॉक्टरों द्वारा उनकी रीढ़ की सर्जरी होगी।
बयान में कहा गया है, "फिलहाल हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता उनका स्वास्थ्य और यह सुनिश्चित करना है कि उन्हें आवश्यक चिकित्सा देखभाल मिले। हम सभी की चिंता और शुभकामनाओं के लिए आभारी हैं और उचित समय पर आगे की जानकारी देंगे।"
हादसा
शूटिंग करते वक्त घायल हो गई थीं नुसरत
बताया जा रहा है कि चोट की गंभीरता और सर्जरी को देखते हुए, नुसरत को आराम करने और ठीक होने के लिए समय की जरूरत होगी। इससे अगले कुछ हफ्तों उनकी कार्य प्रतिबद्धताएं प्रभावित हो सकती हैं।
टीम ने फैंस से अभिनेत्री की निजता बनाए रखने और उन्हें स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित करने देने का अनुरोध किया है।
खबरों के अनुसार, नुसरत काम के लिए इंडोनेशिया के द्वीप बाली गई थीं, जहां शूटिंग के दौरान वह चोटिल हो गईं।