'सरके चुनर' गाना विवाद में नोरा फतेही की बढ़ी मुश्किलें, NCW के सामने होगी पेशी
क्या है खबर?
ध्रुव सरजा की फिल्म 'KD: द डेविल' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है, लेकिन इसमें मौजूद गाना 'सरके चुनर' को लेकर उपजा विवाद अभी तक खत्म नहीं हुआ है। पिछले महीने, संजय दत्त को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के समक्ष पेश होना पड़ा था। इस दौरान उन्होंने लिखित में माफीनामा लिखकर आयोग के सामने प्रस्तुत किया था। 7 मई को नोरा फतेही को आयोग के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है।
निर्देश
'सरके चुनर' विवाद में नोरा को पेश होने का निर्देश
'सरके चुनर' मामले में आयोग ने नोरा को सुबह 11:30 बजे उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। इससे पहले अभिनेत्री ने विदेश में होने का हवाला देकर आयोग से नई तारीख मांगी थी। यही नहीं, एक वीडियो के जरिए नोरा ने गाने के हिंदी संस्करण से खुद को अलग करने की बात भी कही थी। उनका कहना था कि उन्होंने कन्नड़ संस्करण में गाने की शूटिंग की थी। हिंदी संस्करण की अनुमति उनसे नहीं ली गई थी।
विवाद
जानिए क्या है 'सरके चुनर' गाने से जुड़ा विवाद
15 मार्च को यूट्यूब पर हिंदी में रिलीज हुआ 'सरके चुनर' गाना उस वक्त विवादों में घिर गया, जब लोगों द्वारा इसके बोल को कथित तौर पर आपत्तिजनक और अश्लील करार दिया गया। विरोध के बाद, निर्माताओं ने हिंदी संस्करण को यूट्यूब से हटा दिया, लेकिन यह अन्य प्लेटफार्म पर प्रसारित होता रहा। इसी मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग के पास शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। आरोप था कि यह गाना महिलाओं की गरिमा का खंडन करता है।