सुकेश चंद्रशेखर मामले में फंसी नोरा फतेही की टीम का आया बयान, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मामले में नोरा फतेही को 'सरकारी गवाह' बनकर दिल्ली की एक कोर्ट में 2 नवंबर को पेश होना था, लेकिन अभिनेत्री नहीं पहुंची। कोर्ट ने नोरा की फटकार लगाते हुए सुनवाई को 6 नवंबर तक के लिए टाल दिया है। अब अभिनेत्री की टीम ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक बयान के जरिए सफाई दी है। उन्होंने बताया कि नोरा कोर्ट में इसलिए पेश नहीं हो पाईं क्योंकि उनके पहले से प्रोफेशनल कमिटमेंट्स थे।
बयान
बहुत कम समय में नोरा को भेजा गया था समन
टीम ने कहा, "सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा EOW मामला सोमवार को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में सूचीबद्ध था, जहां नोरा को गवाह के तौर पर जाना था। उनके वकील कोर्ट में पेश हुए और कहा कि उन्हें बहुत कम समय में समन मिला था और वे पहले से तय प्रोफेशनल कामों की वजह से कोर्ट नहीं आ सकीं। व्यक्तिगत पेशी से छूट के लिए एक एप्लीकेशन फाइल की गई, जिसके बाद सुनवाई 6 नवंबर तक टाल दी गई।"
सफाई
नोरा पर कोई आरोप नहीं, वह सिर्फ गवाह
टीम ने सफाई देते हुए कहा, "यह साफ किया जाता है कि नोरा न तो आरोपी हैं और न ही उन पर इन कार्रवाई में कोई अपराध करने का आरोप है। उन्हें सिर्फ कोर्ट की मदद के लिए गवाह के तौर पर बुलाया गया है।"
बता दें, यह मामला जेल में बंद सुकेश के 200 करोड़ रुपये की रंगदारी वसूलने और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों से जुड़ा है। नोरा के अलावा, मामले से जैकलीन फर्नांडिस का नाम भी जुड़ा है।