नोरा फतेही के खिलाफ दर्ज हुआ 3 करोड़ का मानहानि का केस, जानिए क्या है मामला
क्या है खबर?
नोरा फतेही के खिलाफ एक विमानन कंपनी ने गांधीनगर कोर्ट में 3 करोड़ रुपये का मानहानि का केस किया है। कंपनी ने मांग करते हुए कहा कि सोशल मीडिया से उस बयान या एयरक्राफ्ट से जुड़ी सभी चीजों को तुरंत हटाया जाए और अभिनेत्री की ओर से सार्वजनिक स्पष्टीकरण दिया जाए। आरोप है कि सोशल मीडिया पर नोरा की "अपमानजनक और लापरवाह" टिप्पणी से कंपनी की प्रतिष्ठा को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचा है।
आरोप
विमान कंपनी ने नोरा पर लगाए ये आरोप
ड्यून्स एविएशन द्वारा दायर मुकदमे के मुताबिक, नोरा ने दिसंबर, 2025 में मुंबई-जयपुर उड़ान के दौरान एक सेसना सिटेशन सीजे2 विमान के अंदर वीडियो रिकॉर्ड किए थे।
इसमें उन्होंने विमान को "छोटा", "खिलौना" और "लेगो हवाई जहाज" बताया था और उसे अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट किया था।
आरोप है कि 4.6 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स वालीं अभिनेत्री के "लापरवाह" बयानों के कारण बुकिंग रद्द हो गईं और इससे उसके व्यावसायिक संचालन को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
सुनवाई
इसी महीने होगी मामले की सुनवाई
ड्यून्स एविएशन ने कहा कि नोरा के "लापरवाह बयानों" ने कंपनी को "गंभीर प्रतिष्ठा की क्षति, सद्भावना की हानि और प्रतिकूल व्यावसायिक प्रभाव" पहुंचाया है।
कंपनी को बुकिंग में 15-20 प्रतिशत की गिरावट और रद्द होने की संख्या में बढ़ोतरी का सामना करना पड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस विमान में अभिनेत्री ने सफर किया था, वह स्टैंडर्ड और सही साइज का था।
फिलहाल, वरिष्ठ सिविल जज आर अग्रवाल की अदालत 25 सितंबर को मामले की सुनवाई करेगी।