अंगद बेदी और नेहा धूपिया कॉमेडी फिल्म के लिए आए साथ, पहली बार बनेंगे पति-पत्नी
क्या है खबर?
नेहा धूपिया अब तक दर्जनभर से ज्यादा फिल्में कर चुकी हैं, वहीं उनके पति अंगद बेदी भी कई फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। दोनों साथ भी काम कर चुके हैं और अब फिर यह जोड़ी दर्शकों का मनोरंजन करने आ रही है।
खास बात यह है कि इस बार नेहा और अंगद शादीशुदा जोडे़ के रूप में दिखेंगे। उन्हें इससे पहले किसी फिल्म में पति-पत्नी की भूमिका में नहीं देखा गया।
आइए जानते हैं क्या कुछ जानकारी मिली है।
रिपोर्ट
शादी के बाद यह नेहा-अंगद की पहली फिल्म
ईटाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, नेहा-अंगद एक बार फिर पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। चेतन भगत की एक कॉमेडी फिल्म में दोनों शादीशुदा जोड़े की भूमिका में होंगे।
फिल्म की शूटिंग मुंबई में पूरी हो चुकी है। इस फिल्म की कहानी कोरोना महामारी के दौरान लगे लॉकडाउन की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
शादी के बाद यह नेहा-अंगद की पहली फिल्म होगी और फिल्म में पहली बार अंगद और नेहा को पति-पत्नी के किरदार में देखना दिलचस्प होगा।
कहानी
दिखेगी शादीशुदा जोड़े की मजेदार कहानी
सूत्र ने पोर्टल को बताया कि नेहा और अंगद दोनों ने ही इस फिल्म की शूटिंग का पूरा लुत्फ उठाया।
वे सेट पर अपने दोनों बच्चों को भी लेकर आते थे और शूट के बीच में फैमिली टाइम का आनंद लेते थे। फिल्म की कहानी बेहद मजेदार है। यह लॉकडाउन के दौरान एक शादीशुदा जोड़े के साथ रहने के अनुभव को दिखाती है।
बताया जा रहा है कि फिल्म में नेहा और अंगद की केमिस्ट्री दर्शकों को बेहद पसंद आएगी।
जानकारी
इन फिल्मों में साथ दिख चुके हैं अंगद और नेहा
नेहा-अंगद पहली बार पंजाबी फिल्म 'रंगीले' में साथ दिखे थे, जो 2013 में रिलीज हुई थी। 2014 में दोनों ने फिर साथ काम किया। वे करण जौहर की फिल्म 'उंगली' के लिए साथ आए थे, लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हुई।
शादी
2018 में शादी के बंधन में बंधे थे नेहा-अंगद
नेहा ने अंगद से 2018 में दिल्ली में गुपचुप तरीके से शादी कर सभी को चौंका दिया था। उनकी शादी में करीबी रिश्तेदार ही शामिल हुए थे। दोनों एक बेटी और बेटे के माता-पिता हैं।
अंगद को पहली नजर में ही नेहा अच्छी लगने लगी थीं। उनकी पहली मुलाकात जिम में हुई थी।
अंगद ने पहले प्रपोज किया था, लेकिन तब नेहा ने उनका प्यार ठुकरा दिया था, लेकिन किस्मत में उनका एक होना तय था।
करियर
नेहा और अंगद का फिल्मी सफर
2002 में फेमिना मिस इंडिया का खिताब जीतने वालीं नेहा एक समय में बॉलीवुड की बोल्ड अभिनेत्रियों में शुमार थीं। उन्होंने 'कयामत', 'शीशा' और 'जूली' जैसी कई फिल्मों में बेहतरीन अभिनय से अपनी अलग पहचान बनाई थी।
नेहा ने रियलिटी शो 'रोडीज' को भी जज किया है। उन्हें आखिरी बार फिल्म 'ए थर्सडे' में देखा गया था।
दूसरी तरफ अंगद को आखिरी बार 'गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल' में देखा गया था। वह जल्द ही फिल्म 'टाइगर 3' में दिखेंगे।