नेहा धूपिया लेकर आईं सेलिब्रिटी चैट शो 'डबल डेट', पति अंगद बेदी भी साथ; देखें प्रोमो
क्या है खबर?
अभिनेत्री नेहा धूपिया ने कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर कहा था कि वह डेट पर जाने की तैयारी कर रही हैं। उनकी इन बातों का मतलब उस वक्त फैंस को खास समझ नहीं आया था, लेकिन अब सबकुछ साफ हो गया है। दरअसल अभिनेत्री एक नया सेलिब्रिटी चैट शो 'डबल डेट' लेकर आ रही हैं। यह पहला मौका होगा जब उनके साथ पति अंगद बेदी भी स्क्रीन पर नजर आएंगे। शो का प्रोमो अब जारी कर दिया गया है।
शो
जानिए क्या होगी शो की थीम, ये सेलिब्रिटी जोड़े लेंगे हिस्सा
नॉन-फिक्शन शो 'डबल डेट' दर्शकों को बिल्कुल नया और ताजा अनुभव देने का वादा करता है। प्रोमो से साफ है कि इसमें हंसी-मज़ाक, रोमांचक खेल, बेबाक बातचीत और अनोखी गतिविधियां देखने को मिलेंगी। शो में सोहा अली खान-कुणाल खेमू, करण कुंद्रा-तेजस्वी प्रकाश, जैकी भगनानी-रकुलप्रीत सिंह, अपारशक्ति खुराना-आकृति खुराना, हुमा कुरैशी और रिया चक्रवर्ती भी अपने भाइयों समेत इसमें हिस्सा लेंगे।। शो का पहला एपिसोड 14 मई से शुरू होगा, जिसमें भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया मेहमान बनकर शामिल होंगे।
बयान
नेहा धूपिया ने जताई खुशी
शो के बारे में बात करते हुए नेहा और अंगद ने कहा, "यह एक मनोरंजक नॉन-फिक्शन सीरीज के लिए यूट्यूब पर हमारा पहला प्रयास है, जिसे हम बहुत लंबे समय से करना चाहते थे। बिल्कुल शुरुआत से एक शो बनाना चुनौतीपूर्ण और साथ ही संतोषजनक भी रहा है, और इसे एक साथ करना इसे और भी खास बनाता है।" बता दें, 'डबल डेट' के एपिसोड हर हफ्ते, यानी हर गुरुवार को अभिनेत्री के यूट्यूब चैनल @nehadhupiaofficial पर प्रसारित किए जाएंगे।