'बिग बॉस OTT' से बेघर होने के बाद डिप्रेशन की चपेट में आईं नेहा भसीन
क्या है खबर?
सिंगर नेहा भसीन 'बिग बॉस 15' से पहले 'बिग बॉस OTT' पर नजर आई थीं। भले ही उन्होंने शो अपनी तरफ से बेहतर खेलने की कोशिश की, लेकिन वह 'बिग बॉस' के घर पर ज्यादा समय तक टिक नहीं पाईं।
हाल ही में नेहा ने खुलासा किया कि वह 'बिग बॉस OTT' से बाहर होने के बाद डिप्रेशन का शिकार हो गई थीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर यह खुलासा किया है।
आइए जानते हैं नेहा ने क्या कहा।
खुलासा
'बिग बॉस OTT' के बाद लीं एंटी डिप्रेसेंट दवाएं
निशांत भट्ट और उमर रियाज एक वीडियो में नेहा का जिक्र कर रहे थे। इस वीडियो पर कमेंट करते हुए नेहा ने ट्वीट किया, 'मैं प्यार से याद किए जाने के लिए आपकी आभारी हूं। मेरे लिए छोटी-छोटी बातें मायने रखती हैं। 'बिग बॉस OTT' के बाद मुझे थेरेपी से गुजरना पड़ा था और एंटी-डिप्रेसेंट दवाएं लेनी पड़ी थीं।'
उन्होंने लिखा, 'मैं 'बिग बॉस 15' में अपने साथियों को बहुत याद करती हूं और उनकी सलामती की दुआ मांगती हूं।'
आरोप
क्या शो में नेहा के दिमाग से खेली थीं दिव्या अग्रवाल?
'बिग बॉस OTT' में नेहा की दिव्या अग्रवाल, मूस जट्टाना और अक्षरा सिंह से बिल्कुल नहीं बनी थी। नेहा ने कहा था, "दिव्या अग्रवाल जैसे लोगों ने मेरे दिमाग से खेल मुझे डिप्रेशन का शिकार बना दिया है। मेरे मन में बार-बार आत्महत्या के खयाल आ रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "मैं दिव्या के परिवार से माफी मांगती हूं, लेकिन यह सच है कि दिव्या ने शो में ना सिर्फ मेरे, बल्कि कई दूसरे प्रतियोगियों के साथ भी यही किया।"
शुरुआत
8 अगस्त से शुरू हुआ था 'बिग बॉस 15 OTT'
'बिग बॉस 15' 8 अगस्त से OTT प्लेटफॉर्म वूट पर शुरू हुआ था। 'बिग बॉस 15' को पहले वूट पर छह हफ्ते के लिए प्रसारित किया गया। इसके बाद कलर्स टीवी पर शो की शुरुआत हुई।
जहां 'बिग बॉस OTT' को करण जौहर ने होस्ट किया था, वहीं टीवी पर 'बिग बॉस 15' की मेजबानी सलमान खान कर रहे हैं।
दिव्या अग्रवाल शो की विजेता बनकर उभरी थीं। निशांत भट्ट फर्स्ट रनरअप रहे तो शमिता शेट्टी तीसरे नंबर पर रहीं।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
'बिग बॉस 15' में जल्द ही अब फिनाले एपिसोड प्रसारित होने वाला है। ऐसे में फिनाले वीक में अपनी जगह बनाने के लिए सभी सदस्य कड़ी मेहनत कर रहे हैं। आगामी वीकेंड का वार एपिसोड में सनी लियोनी और कनिका कपूर नजर आने वाली हैं।
परिचय
जानिए कौन हैं नेहा भसीन
नेहा भसीन बॉलीवुड की लोकप्रिय सिंगर हैं। उन्होंने 'जग घूमेया', 'धुनकी लागे', 'कुछ खास है', 'चाश्नी' जैसे कई लोकप्रिय गाने गाए हैं।
वह इससे पहले 'झलक दिखला जा' में हिस्सा ले चुकी हैं। नेहा शो 'लव मी इंडिया' में जज रह चुकी हैं। उन्होंने म्यूजिक कंपोजर समीर उद्दीन से शादी की है।
नेहा अपनी बेबाक बयानबाजी और बोल्डनेस को लेकर भी काफी चर्चा में रहती हैं। सोशल मीडिया पर उनकी ग्लैमरस तस्वीरें अक्सर वायरल होती हैं।