'टटीरी' विवाद में रैपर बादशाह की मुश्किलें बढ़ीं, राष्ट्रीय महिला आयोग ने भेजा नोटिस
क्या है खबर?
रैपर बादशाह अपने हालिया रिलीज गाने 'टटीरी' को लेकर विवादों में हैं और उनकी मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब खबर है कि राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने गाने में कथित अश्लीलता को लेकर उन्हें समन भेजा है। बताया जाता है कि आयोग ने गाने के बोल और दृश्यों को लेकर मीडिया में आई चिंताओं का स्वतः संज्ञान लिया है। इससे पहले, बादशाह को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकी मिली थी।
बयान
जानिए आयोग ने बयान में क्या कहा
NCW ने बयान में कहा, 'टटीरी' गाने का कंटेंट पहली नजर में "आपत्तिजनक" प्रतीत होता है। यह संभावित रूप से भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, और महिलाओं का अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम, 1986 के प्रावधानों का उल्लंघन करता है। बादशाह के अलावा, आयोग ने गाने के निर्देशक माही संधू, सह-निर्देशक जोबन संधू और निर्माता हितेन को भी तलब किया है। सभी को 25 मार्च, 2026 को दोपहर 12:30 बजे संबंधित दस्तावेजों के साथ पेश होने का निर्देश दिया है।
चेतावनी
निर्देश का उल्लंघन करने पर दी चेतावनी
आयोग ने बताया कि समन NCW अधिनियम, 1990 के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किया गया है।निर्देशों का पालन नहीं करने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में आया है, जब बादशाह के गाने की जांच बढ़ती जा रही है। इस पर अश्लीलता और आपत्तिजनक दृश्यों (खासकर महिलाओं को लेकर) को बढ़ावा देने का आरोप लगा है। बता दें, गाने को बढ़ते विवाद के चलते यूट्यूब से हटा दिया गया है।