'रामायण' में हनुमान बनने के लिए सनी देओल क्यों सही? नमित मल्होत्रा ने तोड़ी चुप्पी
क्या है खबर?
रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' का पहला भाग सनी देओल के किरदार के साथ खत्म होता है। इसके पोस्ट-क्रेडिट सीन में अभिनेता का 'हनुमान' लुक दर्शाया जाता है जिससे सीक्वल को लेकर लोग उत्साहित हैं। इस बीच, फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने सनी के किरदार और उनकी कास्टिंग को लेकर बात की। उन्होंने बताया कि 'रामायण' में भगवान हनुमान सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले किरदार में से एक है। वह भारत में 'आयरन मैन' की तरह हैं।
नजरिया
हनुमान के रूप में सनी पर क्या बोले नमित?
गोल्ड डर्बी से बातचीत में, नमित ने कहा, "भारत में, हमारे पास हनुमान का किरदार निभाने वाले लोकप्रिय अभिनेताओं का इतिहास रहा है। वह ऐसा किरदार है जिसमें बहुत मासूम और पसंद किए जाने का कॉम्बिनेशन चाहिए, लेकिन जब वह गुस्से में होता है, तो पहाड़ हिल जाते हैं। सनी देओल की हमारे देश में ऐसी ही इमेज है, इसलिए हमें लगा कि वह वह इंसान हैं जो इस अमर किरदार के साथ सबसे अच्छा न्याय कर सकते हैं।"
सहमति
सनी की सिनेमा में सुपरहीरो वाली इमेज
उन्होंने बताया कि सनी ने कई ऐसे किरदार निभाए हैं जो प्यारे और मासूम से लेकर बहुत ताकत दिखाने वाले होते हैं।
उनके मुताबिक, सनी ने भले कभी सुपरहीरो का किरदार नहीं निभाया, लेकिन दर्शकों ने हमेशा उन्हें सुपरहीरो की तरह ही पसंद किया है।
नमित ने संकेत दिया कि सीक्वल फ्रेंचाइजी की कहानी, स्केल और विजुअल प्रेजेंटेशन को और आगे ले जाएगा।
फिलहाल, 'रामायण' 5 नवंबर को सिनेमाघरों में आ चुकी है। इसमें साई पल्लवी और यश भी हैं।