शोभिता से नागा चैतन्य ने सीखी ये बात, पत्नी की तारीफ करते हुए जानिए क्या बोले
क्या है खबर?
अभिनेता नागा चैतन्य ने हाल ही में अपनी आने वाली फिल्म 'वृषकर्म' के प्रमोशन के दौरान पत्नी शोभिता धूलिपाला के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उन्हें शोभिता की कौन-सी बातें सबसे ज्यादा पसंद हैं। इस दौरान अभिनेता ने अपने परिवार से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जब भी वह शोभिता के बारे में सोचते हैं, तो उनके दिमाग में सबसे पहला शब्द 'प्यार' आता है।
तारीफ
नागा ने की शोभिता की तारीफ
नागा से जब एक फैन ने पूछा कि शोभिता में उन्हें कौन सी खूबी सबसे ज्यादा पसंद है।
इसके जवाब में उन्होंने कहा, "शोभिता में कई खूबियां हैं, लेकिन अगर किसी एक के बारे में बात करनी हो, तो वह है उनका बहुमुखी स्वभाव। वह संस्कृति और आज के दौर की आधुनिक सोच का एक बहुत ही खूबसूरत मिश्रण हैं। वह इन दोनों दुनियाओं का एक बेहतरीन संगम हैं। वह हमेशा नई चीजें खोजने के लिए तैयार रहती हैं।"
पसंद
नागा को शोभिता की यह चीज है पसंद
नागा ने अपनी बात का उदाहरण देते हुए कहा, "जैसे कि, हम छुट्टी पर जाते हैं और मेरी एक तय योजना होती है। अगर वह काम न करें, तो मेरा दिमाग सुन्न हो जाता है, लेकिन वह तुरंत कोई न कोई रास्ता निकाल लेती हैं। उनके इस स्वभाव की वजह से मुझे नई-नई चीजें जानने को मिलीं। मैंने सीखा है कि कैसे मौके पर तुरंत फैसला लिया जा सकता है, जिससे मुझे कई नई बातें सीखने को मिली हैं।"
शादी
कब हुई थी नागा और शोभिता की शादी?
नागा ने आगे कहा, "मुझे उसका यह ऊर्जावान, युवा और कुछ नया जानने के लिए उत्सुक रहने वाला स्वभाव बहुत पसंद है।"
नागा और शोभिता की पहली मुलाकात तब हुई थी जब शोभिता, नागा के पिता और अभिनेता नागार्जुन अक्किनेनी से मिलने आई थीं।
इसके बाद उन्होंने गुपचुप तरीके से एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया। इसके बाद उन्होंने अगस्त 2024 में एक-दूसरे से सगाई कर ली और फिर उसी साल दिसंबर में शादी कर ली।