सामंथा को धोखा देने के झूठे दावों और अश्लील कंटेंट पर भड़के नागा चैतन्य पहुंचे कोर्ट
क्या है खबर?
साउथ के स्टार नागा चैतन्य ने अपनी छवि खराब करने वाले और सोशल मीडिया पर अश्लील व अपमानजनक कंटेंट फैलाने वालों के खिलाफ आर-पार की लड़ाई शुरू कर दी है। अपनी पूर्व पत्नी सामंथा रुथ प्रभु को 'धोखा देने' के झूठे दावों और यूट्यूब पर छेड़छाड़ की गई अश्लील तस्वीरों से परेशान होकर उन्होंने अब कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। नागा ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और यूट्यूब चैनलों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कदम
व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा के लिए हाई कोर्ट पहुंचे नागा
नागा ने अपने व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। खबरों के मुताबिक, अभिनेता ने इंटरनेट और विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर उनकी मर्जी के बिना उनके नाम, चेहरे और पहचान के इस्तेमाल पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने AI तकनीक से बने नकली कंटेंट, उनकी पहचान का इस्तेमाल कर बेचे जा रहे अवैध सामान और इंटरनेट पर उनके नाम से फैलाई जा रही अश्लील सामग्री को लेकर गहरी चिंता जताई है।
सख्ती
सामंथा को धोखा देने की झूठी खबरों पर नागा चैतन्य सख्त
इसके साथ ही नागा ने उन सोशल मीडिया पोस्ट और कंटेंट पर भी कड़ा एक्शन लेने की मांग की है, जिनमें यह झूठा दावा किया गया है कि उन्होंने अपनी पूर्व पत्नी सामंथा रुथ प्रभु को धोखा दिया था। हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, नागा ने अपनी याचिका में अदालत से ये गुहार लगाई है कि किसी भी तीसरे पक्ष या बाहरी व्यक्ति को उनकी मर्जी के बिना उनके नाम, चेहरे (तस्वीर) और पहचान का इस्तेमाल करने से रोका जाए।
छवि
कमाई के लिए अभिनेता की छवि से खिलवाड़ करने का आरोप
याचिका में ये आरोप भी लगाया गया है कि कई वेबसाइट अभिनेता की लोकप्रियता का गलत फायदा उठा रही हैं। नागा के वकील ने अदालत को बताया कि कई वेबसाइट यूजर्स को लुभाने और ट्रैफिक बढ़ाने के लिए एक्टर के नाम के साथ अश्लील और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रही हैं। वकील ने दलील दी कि ऐसा कंटेंट न सिर्फ नागा की पहचान का गलत इस्तेमाल करता है, बल्कि उनकी प्रतिष्ठा को भी भारी नुकसान पहुंचाता है।
दावा
सामंथा को धोखा देने और करियर बर्बाद करने के आरोप सरासर झूठे
अपनी तस्वीरों के गलत इस्तेमाल के अलावा नागा की कानूनी टीम ने उनकी निजी जिंदगी, खासकर पूर्व पत्नी सामंथा के साथ पिछले रिश्ते से जुड़े कंटेंट पर भी आपत्ति जताई है। वकीलों का दावा है कि कई ऑनलाइन पोस्ट और वीडियो में नागा को ऐसे दिखाया जा रहा है, जैसे उन्होंने सामंथा को धोखा दिया और वे उनके करियर बर्बाद करने के जिम्मेदार थे। अभिनेता की टीम ने दलील दी कि ये सारे दावे मानहानि करने वाले और झूठे हैं।
जानकारी
इस दिन होगी मामले की अगली सुनवाई
दिल्ली हाई कोर्ट अब नागा की इस याचिका पर गहराई से विचार करेगा और तय करेगा कि उनके व्यक्तित्व अधिकारों के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए उन्हें क्या कानूनी सुरक्षा दी जा सकती है। अदालत इस मामले की अगली सुनवाई 30 सितंबर को करेगी।