नफीसा ने कैंसर के इलाज पर की बात, दिल्ली के बढ़ते प्रदूषण पर भी जताई चिंता
क्या है खबर?
अभिनेत्री नफीसा अली सोढ़ी ने अपनी सेहत से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए दिवाली के बाद दिल्ली में बढ़े प्रदूषण पर चिंता जताई है। लिवर कैंसर से जूझ रहीं नफीसा ने बताया कि खराब वायु गुणवत्ता के बावजूद वह नियमित रूप से व्यायाम कर रही हैं। साथ ही, वह अपने इलाज की प्रगति जानने के लिए MRI स्कैन का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने पार्क से अपनी एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें वह मास्क पहने नजर आ रही हैं।
बात
नफीसा ने दिवाली के अगले दिन हुए खराब AQI पर की बात
नफीसा ने कैप्शन में लिखा, "मैं पार्क में हूं। कल दिवाली थी, दिल्ली में प्रदूषण और AQI का स्तर बहुत ज्यादा है, इसलिए मैंने मास्क पहना हुआ है, लेकिन मुझे एक्सरसाइज जारी रखनी है। कल मेरा MRI है, जिससे पता चलेगा कि टारगेटेड कीमोथेरेपी के 2 राउंड के बाद मेरे लिवर कैंसर की क्या स्थिति है और अगला MRI 13 नवंबर को होना है। अपनी मां और भाई के साथ रहने के बाद, मैं काफी सकारात्मक महसूस कर रही हूं।"
बीमारी
कब हुआ था नफीसा को कैंसर?
बता दें 'मेजर साहब' अभिनेत्री नफीसा स्टेज 4 पेरिटोनियल और ओवेरियन कैंसर से जूझ रही हैं।
शुरुआत में गलत डायग्नोसिस के बाद, नवंबर 2018 में उन्हें स्टेज 3 पेरिटोनियल और ओवेरियन कैंसर होने का पता चला था।
इलाज के बाद कैंसर कुछ समय के लिए ठीक हो गया था, लेकिन बाद में यह वापस आ गया और स्टेज 4 तक पहुंच गया। इसका खुलासा उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए किया था।