मुनव्वर फारूकी ने 11 साल की उम्र में छोड़ा स्कूल, शराब की फैक्ट्री से सीखा जिंदगी का सबसे बड़ा सबक
कॉमेडियन और 'बिग बॉस 17' के विजेता मुनव्वर फारूकी ने हाल ही में बताया कि कैसे उनके मुश्किल बचपन ने उनके जीवन के फैसलों पर गहरा असर डाला। वो सिर्फ 9 साल के थे, जब काम करना शुरू कर दिया और 11 साल में तो स्कूल भी छोड़ दिया। इन हालात ने उन्हें कम उम्र में ही जिम्मेदार बना दिया। अपने पिता को दशकों तक ड्राइवर का काम करते देख उन्होंने ठान लिया कि उन्हें जिंदगी में कोई और राह चुननी है। नशीली दवाओं और शराब से दूर रहना भी उनके इसी फैसले का एक अहम हिस्सा था।
घर के पीछे शराब की फैक्ट्री और आंखों में अपनों का दुख
मुनव्वर जहां बड़े हुए, उनके घर के ठीक पीछे शराब बनाने की फैक्ट्री थी। उन्होंने बताया, "बड़ा होते हुए मैंने अपनी आंखों के सामने शराब की वजह से इतना दुख देखा कि मैं समझ गया था कि यह कितनी बुरी चीज है।" उनके इन्हीं अनुभवों ने उन्हें खुद की हिफाजत करने और अपने आसपास दिख रहे उस बुरे चक्र को तोड़ने के लिए प्रेरित किया।