आयुष्मान खुराना को धमकाने वाले का ऑडियो आया, बोला- पुलिस तुम्हें कब तक बचाएगी?
क्या है खबर?
आयुष्मान खुराना को धमकी मिलने का मामला सामने आया था। अब इसका कथित ऑडियो सामने आया है। इसमें धमकी देने वाले आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था। हालांकि, बाद में उसे पकड़ लिया गया और जांच में पता चला कि उसका गैंग से कोई संबंध नहीं था। अब मुंबई पुलिस ने धमकी वाले ऑडियो से पर्दा उठा दिया है, जिसमें आरोपी ने आयुष्मान से कहा कि पुलिस उनकी कब तक सुरक्षा कर पाएगी।
धमकी
एटीट्यूड दिखाया तो टाइगर श्रॉफ जैसा हाल होगा- आरोपी
न्यूज 18 के मुताबिक, मुंबई पुलिस द्वारा जारी ऑडियो में आरोपी ने कहा, "मैं अनिल पंडित बोल रहा हूं, मैं लॉरेंस का छोटा भाई हूं, मैंने आपको कॉल किया था, लेकिन आपने फोन नहीं उठाया और फिर कॉल काट दिया। कोई बात नहीं, हमें बस यह मैसेज देना है, कृपया हमसे बात करें। अगर आप कुछ सेटल करना चाहते हैं, तो करें। लेकिन एटीट्यूड दिखाना चाहते हैं, तो टाइगर श्रॉफ के साथ जो हुआ, वैसा आपके साथ हो सकता है।"
संपर्क
हमसे बात करें, उसके बाद परेशान नहीं करेंगे- आरोपी
उसने कहा, "हमें जानकारी है कि चंडीगढ़ में आपका घर कहां है, और हम जानते हैं कि आप यहां कहां रह रहे हैं। हमें आपकी बाइक का नंबर भी मिला। हमने उस नंबर पर कॉल किया, लेकिन वहां से कॉल नहीं आई। देखिए, हमें बस आपसे एक बार बात करनी है। आप बात कर लें, उसके बाद हम आपको ज्यादा परेशान नहीं करेंगे।"
ऑडियो के मुताबिक, आरोपी ने आयुष्मान से कहा कि वह ऑडियो सुनने के बाद उनसे संपर्क करें।
चुनौती
पुलिस के पास जाना है, तो कोई आपत्ति नहीं- आरोपी
उसने कहा, "आप पुलिस के पास जा सकते हैं, हमें कोई दिक्कत नहीं। जिन्होंने आपको सुरक्षा दी है, वे कब तक आपकी सुरक्षा कर पाएंगे? आपको हमसे दूर रहने के लिए हर दिन गुड लक चाहिए, जबकि हमें आपको नुकसान पहुंचाने के लिए सिर्फ एक दिन गुड लक चाहिए। आपके परिवार के किसी भी सदस्य, या कोई भी जो हमारे हाथ लगेगा, हम उसे उड़ा देंगे।"
बता दें, आरोपी की पहचान बेंगलुरु के वैभव मिश्रा के रूप में हुई थी।