दीया मिर्जा से ज्ञान लेने की जरूरत नहीं, आखिर किस बात पर भड़के भाजपा नेता?
क्या है खबर?
दिवाली पर प्रदूषण से बचने का संदेश देने के लिए अभिनेत्री दीया मिर्जा का वीडियो साझा करना बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को भारी पड़ गया। मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि लोगों को दीया मिर्जा से त्योहार मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है। भाजपा नेता के विरोध के बाद BMC ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से दीया का वीडियो हटा दिया। आखिर क्या है पूरा विवाद, आइए जानते हैं।
हमला
दीया न दें दिवाली पर ज्ञान- अमित साटम
दीया के वीडियो पर मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने BMC को टैग करते हुए लिखा, 'हमें दीया मिर्जा से दिवाली मनाने का पाठ सीखने की जरूरत नहीं है, हमारी परंपराएं संस्कृति में रची-बसी हैं।'
ये बयान BMC द्वारा साझा किए गए उस वीडियो के बाद आया, जिसमें अभिनेत्री मुंबईकरों से बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों का पालन करने और दिवाली पर पटाखे न फोड़कर प्रदूषण से बचने की अपील कर रही थीं।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए अमित साटम का पोस्ट
@mybmc We don’t need lessons on how to celebrate #Diwali from @deespeak Our traditions are deeply rooted in our culture.
— Ameet Satam (@AmeetSatam) November 1, 2026
वीडियो
विवाद बढ़ते ही BMC ने बिना वजह बताए हटाया वीडियो
BMC ने अपने हटाए गए पोस्ट में स्पष्ट किया था कि हार्ट कोर्ट के निर्देशों के अनुसार सार्वजनिक सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पटाखे फोड़ना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
BMC के मुताबिक, दीया ने नागरिकों से पटाखे न फोड़ने और ध्वनि प्रदूषण से बचने की अपील की थी। हालांकि, भाजपा के कड़े ऐतराज के बाद नागरिक निकाय ने बिना कोई स्पष्ट कारण बताए इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया।
ट्विटर पोस्ट
BMC ने हटाया ये वीडियो
Why @mybmc deleted this beautiful message by Dia Mirza? pic.twitter.com/UufIyQ0gue
— Facts (@BefittingFacts) November 1, 2026
विवाद
दीया को BMC का चेहरा बनाने पर उठे सवाल
बता दें कि दीया दीया अक्सर मुंबई में बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरण के मुद्दों पर बात करती रहती हैं, लेकिन इस बार BMC के दिवाली अभियान से जुड़ना उनके लिए विवाद की वजह बन गया।
मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम के कड़े विरोध के बाद BMC का ये पूरा जागरूकता अभियान चर्चा में आ गया है और दीया को इस अभियान का चेहरा बनाने पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
फटकार
प्रदूषण पर बॉम्बे हाई कोर्ट ने लगाई थी सरकार को फटकार
पिछले दिनों मुंबई में बढ़ते प्रदूषण पर बॉम्बे हाई कोर्ट ने बेहद सख्त टिप्पणी की थी। जज गिरीश कुलकर्णी ने महाराष्ट्र सरकार को नसीहत दी कि जनहित अभियान के लिए सितारों पर जनता का पैसा न लुटाया जाए।
कोर्ट ने कहा कि अगर सितारे फीस मांगते हैं तो उनके पास जाने की जरूरत ही नहीं। जिस शहर ने उन्हें सबकुछ दिया, उसके लिए उन्हें मुफ्त में आगे आना चाहिए। कोर्ट ने मराठी कलाकारों से संपर्क करने का सुझाव दिया।