'रामायण' के एक्शन पर बुरी तरह भड़के मुकेश खन्ना, बोले- राम को रजनीकांत बना दिया
क्या है खबर?
'शक्तिमान' उर्फ मुकेश खन्ना ने नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' के ट्रेलर पर गहरी नाराजगी जताई है। एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने एक्शन दृश्यों पर सख्त ऐतराज जताते हुए कहा कि भगवान राम के चरित्र को मर्यादा पुरुषोत्तम के बजाय 'धुरंधर' एक्शन हीरो बना दिया गया है। पेड़़ पर चढ़कर तीर चलाने वाले सीन का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माताओं ने एक दिव्य और पवित्र अवतार को सलमान खान या रजनीकांत' जैसा रूप दे दिया है।
तीखा हमला
"आपने राम को सलमान और अमिताभ बना दिया"
मुकेश खन्ना ने बॉलीवुड नाउ को दिए इंटरव्यू में 'रामायण' पर निशाना साधते हुए कहा, "आपने उन्हें सलमान खान, अमिताभ बच्चन और रजनीकांत बना दिया है। नहीं साहब, राम तो राम हैं, मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम। वो हमेशा मुस्कुराते थे और समुद्र के आगे भी हाथ जोड़कर रास्ता मांगते थे।"
मुकेश खन्ना के अनुसार, निर्माताओं को भगवान राम के सौम्य और मर्यादित रूप से छेड़छाड़ करके उन्हें मारधाड़ वाला एक्शन हीरो नहीं बनाना चाहिए था।
तंज
श्रीराम को हॉलीवुड का मारधाड़ वाला हीरो मत बनाओ- मुकेश खन्ना
मुकेश खन्ना ने 'रामायण' पर तंज कसते हुए कहा कि अगर आप श्रीराम को शांत और मर्यादित दिखाने के बजाय किसी हॉलीवुड के खूंखार मारधाड़ वाले हीरो की तरह पेश करेंगे तो ये बिल्कुल नकली लगेगा।
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर भगवान राम को फिल्मों की तरह अकेले ही दुश्मनों का सफाया करना था तो फिर उन्हें वानर सेना की मदद लेने की जरूरत ही क्या पड़ती? निर्माताओं का ऐसा दिखावा भगवान राम की असली छवि को नुकसान पहुंचाता है।
VFX
रामायण के भारी-भरकम VFX पर भड़के मुकेश खन्ना
मुकेश ने फिल्म 'रामायण' में जरूरत से ज्यादा VFX (स्पेशल इफेक्ट्स) के इस्तेमाल पर भी कड़ा ऐतराज जताया है।
उन्होंने कहा, "निर्माता इसकी तुलना 'स्टार वॉर्स' जैसी हॉलीवुड फिल्मों से करेंगे और शायद फिल्म मोटी कमाई भी कर ले, लेकिन भारत में फिल्में भारतीय आस्था और श्रद्धा के हिसाब से बननी चाहिए। हमारे लिए भगवान राम की भक्ति और आस्था सर्वोपरि है, हम सिनेमाघरों में सिर्फ स्पेशल इफेक्ट्स देखने नहीं जाएंगे।"
किरदार
राम के रूप में रणबीर तो रावण बनेंगे यश
महाकाव्यात्मक फिल्म 'रामायण' में रणबीर, भगवान राम के मुख्य किरदार में नजर आएंगे।
फिल्म में साई पल्लवी 'माता सीता' और साउथ के कसुपरस्टार यश 'रावण' की दमदार भूमिका निभा रहे हैं।
इनके अलावा अरुण गोविल, सनी देओल, रकुल प्रीत सिंह और काजल अग्रवाल जैसे सितारे भी अहम किरदारों में दिखेंगे। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म दो भागों में रिलीज होगी, जिसका पहला भाग इस साल दिवाली के खास मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा।