Loading...
जन्मदिन विशेष: मुकेश खन्ना ने शक्तिमान समेत इन किरदारों से जमाई थी टीवी पर अपनी धाक
मुकेश खन्ना के शानदार किरदार

जन्मदिन विशेष: मुकेश खन्ना ने शक्तिमान समेत इन किरदारों से जमाई थी टीवी पर अपनी धाक

Jun 19, 2023
07:00 am

क्या है खबर?

टीवी के दिग्गज अभिनेता मुकेश खन्ना इन दिनों अपने तरह-तरह के बयानों की वजह से चर्चा में रहते हैं। दूरदर्शन के दौर में वह लोगों के पसंदीदा कलाकारों में शुमार थे। अपने किरदारों से उन्होंने टीवी पर ऐसी धाक जमाई थी कि उन किरदारों की आज भी चर्चा होती है। आज 19 जून को मुकेश 65 साल के हो गए। आइए नजर डालते हैं उनके द्वारा निभाए गए यादगार किरदारों पर।

शक्तिमान 

शक्तिमान

'शक्तिमान' मुकेश का सबसे लोकप्रिय किरदार है। 1997 में शुरु हुआ यह शो उस जमाने में बच्चों के लिए किसी जादुई दुनिया से कम नहीं था।

IMDb के मुताबिक, इस शो के 520 एपिसोड प्रसारित हुए थे।

शक्तिमान और गंगाधर के किरदार में वह बच्चों को तरह-तरह की सीख सिखा जाते थे।

मुकेश ही इस शो के निर्माता भी थे। उन्होंने अपने दोस्त से पैसे लेकर इस शो को शुरू किया था।

महाभारत

भीष्म पितामाह

मुकेश बीआर चोपड़ा की 'महाभारत' में भीष्म पितामाह की भूमिका के लिए भी पहचाने जाते हैं। 'महाभारत' 80-90 के दशक के सबसे लोकप्रिय टीवी शोज में से एक था।

उनके अभिनय ने हर किसी को इस किरदार से जोड़ दिया था। भीष्म के बाण शैय्या पर लेटने वाले दृश्य की आज भी चर्चा होती है।

कम ही लोग जानते हैं कि पहले इस शो में उन्हें दुर्योधन का किरदार दिया गया था। बाद में उन्हें भीष्म के लिए लिया गया।

ADVERTISEMENT

आर्यमान 

आर्यमान

'शक्तिमान' की अपार सफलता के बाद मुकेश ने नया शो 'आर्यमान' शुरू किया था। इसमें वह प्रिंस आर्यमान की भूमिका में थे। शक्तिमान की तरह ही यह भी एक सुपरहीरो शो था।

हालांकि, यह शो बच्चों के दिलों में शक्तिमान वाली जगह नहीं बना पाया। इसकी शुरुआत 2003 में हुई थी।

इस साइंस फिक्शन शो में आरियाना नाम की गैलेक्सी की कहानी थी, जिसको बचाने का जिम्मा प्रिंस आर्यमान लेता है।

ADVERTISEMENT

विश्वामित्र

विश्वामित्र

1995 में मुकेश ने टीवी पर गुरु विश्वामित्र का किरदार भी निभाया था। यह राजा विश्वरथ के मुनि विश्वामित्र बनने की कहानी पर आधारित था।

शो में मुकेश के साथ रामायण में राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल, रामायण के रावण अरविंद त्रिवेदी और भानु प्रिया भी नजर आए थे।

दसरी नारायण राव इसके निर्माता और निर्देशक थे। 'महाभारत' की ही तरह इस शो को भी मशहूर लेखक राही मासूम रजा ने लिखा था।

कौन अपना कौन पराया

बिश्वजीत राय चौधरी 

2008 में मुकेश सोनी टीवी के धारावाहिक में नए रूप में नजर आए। 'कौन अपना, कौन पराया' में उन्होंने परिवार के मुखिया बिश्वजीत राय चौधरी का किरदार निभाया था।

यह धारावाहिक रुद्रा नाम की एक लड़की की कहानी है, जिसे उसके पिता ने गोद लिया है। पिता के अलावा परिवार में हर कोई उसके साथ सौतेला व्यवहार करता है।

वह किसी की बात दिल पर नहीं लेती और उनका प्यार पाने के लिए संघर्ष करती रहती है।

ADVERTISEMENT