पर्दे पर वापसी करने जा रहा आपका पहला सुपरहिरो 'शक्तिमान', सीक्वल पर चल रहा है काम
क्या है खबर?
'शक्तिमान' 90 के दशक के बच्चों का पहला सुपरहिरो हुआ करता था। इसे देखने के लिए बच्चे बेसब्री से टीवी के सामाने बैठ जाया करते थे।
इसमें मुकेश खन्ना को शक्तिमान और गंगाधर की दोहरी भूमिकाएं निभाते हुए देखा गया था। जिसमें शक्तिमान अपनी ताकत से बुराई का विनाश करता था।
अब एक बार फिर से यह शो दर्शकों के सामने पेश होने जा रहा है, लेकिन इस बार फैंस को इसका सीक्वल देखने के लिए मिलेगा।
खुलासा
मुकेश खन्ना ने किया खुलासा
'शक्तिमान' के सीक्वल का खुलासा खुद मुकेश खन्ना ने किया है।
उन्होंने बॉम्बे टाइम्स से बात करते हुए कहा, "हम पिछले तीन सालों से 'शक्तिमान' के सीक्वल पर काम कर रहे हैं। हम इसका दूसरा भाग इसलिए बना रहे हैं क्योंकि बहुत से लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर आगे की कहानी में हुआ क्या था। लेकिन परिस्थितियां ठीक होने के बाद फिर से इस पर काम शुरु किया जाएगा। क्योंकि इस वक्त शक्तिमान काफी डिमांड में है।"
जानकारी
मुकेश खन्ना बनाना चाहते हैं शक्तिमान पर फिल्म
मुकेश खन्ना पहले अपनी इच्छा जाहिर करते हुए यह कह चुके हैं कि वह 'शक्तिमान' पर एक फिल्म भी बनाना चाहते हैं। इसके बाद दर्शकों की उत्सुकता तो काफी बढ़ गई, लेकिन इस फिल्म को लेकर कोई खबर नहीं सामने आई।
जानकारी
एनिमेटेड सीरीज भी की गई शुरु
'शक्तिमान' के लिए आज भी दर्शकों की दीवानगी को देखते हुए 2011 में सोनिक चैनल पर इसकी एक एनिमेटेड सीरीज शुरु की गई थी।
इसके बाद 2013 में 'हमारा हीरो शक्तिमान' के नाम से एक टेलीफिल्म का भी प्रसारण किया गया था। इसे पोगो चैनल पर दिखाया जाता था।
इसमें मुकेश खन्ना एक बार फिर से शक्तिमान की भूमिका में दिखे थे। जबकि उदय सचदेवा ने जूनियर शक्तिमान का किरदार निभाया था।
डिमांड
दर्शकों की डिमांड पर फिर शुरु किए ये शोज
लॉकडाउन की वजह से घरों में बंद लोगों ने पिछले ही दिनों फिर से 'रामायण' के प्रसारण की मांग की थी।
इसके बाद दूरदर्शन पर 'रामायण' के अलावा 'महाभारत', 'ब्योमकेश बक्शी' और 'सर्कस' भी शुरु किया है।
बता दें कि 'महाभारत' में भी मुकेश खन्ना ने भीष्म पितामह का किरदार निभाया था।
अब दर्शकों ने 'शक्तिमान' को भी प्रसारित करने की मांग करनी शुरु कर दी है।
ऐसे में 'शक्तिमान' का सीक्वल फैंस के लिए तोहफे से कम नहीं होगा।