Page Loader
बॉलीवुड में सुपरहिट रही शाहरुख खान और काजोल की जोड़ी, इन फिल्मों में किया रोमांस
शाहरुख-काजोल की सुपरहिट फिल्में

बॉलीवुड में सुपरहिट रही शाहरुख खान और काजोल की जोड़ी, इन फिल्मों में किया रोमांस

Aug 04, 2023
09:06 pm

क्या है खबर?

इन दिनों रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' सिनेमाघरों में पसंद की जा रही है। शिफॉन साड़ी, बर्फीली वादियां और फैमिली ड्रामा, इस फिल्म ने एक बार फिर 90 के दशक के रोमांस की यादें ताजा कर दी हैं। ऐसे में उस दौर की सुपरहिट रोमांटिक जोड़ी शाहरुख खान और काजोल की खूब चर्चा हो रही है। आइए, नजर डालते हैं इस जोड़ी की यादगार फिल्मों पर।

#1

'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे'

इस फिल्म से ही आदित्य चोपड़ा ने निर्देशन की शुरुआत की थी। फिल्म में शाहरुख खान, काजोल और अमरीश पुरी मुख्य भूमिका में थे। फिल्म में राज और सिमरन की जोड़ी बॉलीवुड की यादगार जोड़ियों में से एक है। फिल्म में काजोल और शाहरुख का रोमांस, फिल्म के संवाद और दृश्य आज भी दोहराए जाते हैं। सरसों के खेत में बाहें फैलाए शाहरुख का दृश्य उनकी पहचान बन गया। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है।

#2

'कुछ कुछ होता है'

बॉलीवुड में राहुल और अंजली की दोस्ती को कौन भूल सकता है? 1998 में रिलीज हुई इस फिल्म में काजोल और शाहरुख ने ये किरदार निभाए थे। फिल्म कॉलेज रोमांस पर आधारित एक लव ट्रायंगल थी, जिसमें अंजली को अपने सबसे अच्छे दोस्त राहुल से प्यार हो जाता है, लेकिन राहुल टीना से प्यार करने लगता है। फिल्म में टीना का किरदार रानी मुखर्जी ने निभाया था। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।

#3 

'कभी खुशी कभी गम'

'कभी खुशी कभी गम' 2001 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में भी शाहरुख के किरदार का नाम राहुल और काजोल का नाम अंजली था। फिल्म राहुल और अंजली के रोमांस और फैमिली ड्रामा से भरपूर है। फिल्म में अमिताभ बच्चन, करीना कपूर और ऋतिक रोशन भी थे। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान काजोल प्रेग्नेंट थीं, लेकिन उनका गर्भपात हो गया था। जिस दिन फिल्म रिलीज हुई, वह अस्पताल में थीं। फिल्म नेटफ्लिक्स और अमेजन प्राइम वीडियो पर है।

#4 

'माई नेम इज खान'

करण जौहर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में भी शाहरुख और काजोल का रोमांस देखने को मिला था। फिल्म आतंकवाद की आड़ में दुनियाभर में मुसलमानों के साथ होने वाले भेदभाव पर आधारित थी। फिल्म में शाहरुख ने स्पर्गर सिंड्रोम से पीड़ित रिजवान का किरदार निभाया था। रिजवान अमेरिका के राष्ट्रपति से मिलकर बताना चाहता है कि उसका नाम खान है, लेकिन वह आतंकवादी नहीं है। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है।

#5 

'दिलवाले'

'माई नेम इज खान' के बाद शाहरुख और काजोल की जोड़ी 2015 में आई फिल्म 'दिलवाले' में देखने को मिली थी। इस फिल्म का निर्देशन रोहित शेट्टी ने किया था। इस फिल्म में वरुण धवन और कृति सैनन ने भी मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म के गाने खूब लोकप्रिय हुए थे। इस फिल्म के जरिए नई पीढ़ी शाहरुख और काजोल के रोमांस से परिचित हुए थे। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।